SportsTop News

एशियन गेम्स में नेपाल ने किया बड़ा उलटफेर, अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया; 102 रन का लक्ष्य आसानी से किया हासिल

2026 एशियन गेम्स के पुरुष क्रिकेट मुकाबले में नेपाल ने अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए ग्रुप-ए के मुकाबले में अफगानिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 102 रन ही बना सकी। जवाब में नेपाल ने 17.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। नेपाल की जीत में गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई। सुंदीप जोरा ने 34 रन, जबकि रोहित पौडेल ने 33 रन बनाए। कप्तान दीपेंद्र सिंह एरी ने भी 15 रनों का योगदान दिया।

शुरुआत में ही लड़खड़ा गई अफगानिस्तान की पारी

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही लगातार विकेट गंवा दिए। मोहम्मद अकरम सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हसन ईसाखिल खाता भी नहीं खोल सके। करीम जनात ने 9 रन बनाए। इसके बाद फैसल शिनोजादा और नजीबुल्लाह जादरान ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने 30-30 रन बनाए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी की गति धीमी रही। फैसल ने 33 गेंदों पर 30 और जादरान ने 40 गेंदों पर 30 रन बनाए। निचले क्रम से नांगेलिया खारोटे ने 17 रन जोड़े, लेकिन अफगानिस्तान बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सका। कप्तान दारविश रसूली भी सिर्फ एक गेंद का सामना कर बिना खाता खोले लौट गए। पूरी टीम 20 ओवर में 102/7 तक ही पहुंच सकी।

कुशल भुर्तेल और ललित राजबंशी ने बरपाया कहर

नेपाल की गेंदबाजी में कुशल भुर्तेल और ललित राजबंशी ने शानदार प्रदर्शन किया। भुर्तेल ने 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि राजबंशी ने 4 ओवर में महज 13 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इन दोनों गेंदबाजों के सामने अफगानिस्तान के बल्लेबाज खुलकर रन नहीं बना सके और टीम निर्धारित 20 ओवरों में 102 रन तक ही पहुंच पाई।

नेपाल की शुरुआत भी रही खराब

103 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की शुरुआत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। कुशल भुर्तेल खाता खोले बिना आउट हो गए, जबकि आसिफ शेख सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद कुशल मल्ला भी 9 रन बनाकर आउट हो गए। एक समय नेपाल ने 31 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे और मुकाबला रोमांचक होता दिखाई दे रहा था।

जोरा और पौडेल ने संभाली पारी

मुश्किल स्थिति में सुंदीप जोरा और रोहित पौडेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए नेपाल की पारी को संभाला और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। जोर ने 35 गेंदों पर 34 रन बनाए, जबकि पौडेल ने 32 गेंदों में 33 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों की साझेदारी ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव कम किया और नेपाल को जीत की राह पर वापस ला दिया।इसके बाद कप्तान दीपेंद्र सिंह एरी ने भी अहम योगदान दिया। नेपाल ने 17.2 ओवर में 103 रन बनाकर 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में नेपाल ने गेंद और बल्ले दोनों से अफगानिस्तान को पीछे छोड़ा। पहले गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को 102 रन पर रोक दिया और फिर शुरुआती झटकों के बावजूद बल्लेबाजों ने लक्ष्य हासिल कर लिया।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH