Top NewsUttar Pradesh

सीएम योगी से मिले सनी देओल और प्रीति जिंटा, ‘बटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे लखनऊ

बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बटवारा 1947’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले दोनों कलाकार शुक्रवार, 7 अगस्त को इसके प्रमोशन के लिए लखनऊ पहुंचे। इस दौरान सनी देओल और प्रीति जिंटा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की। मुलाकात के दौरान फिल्म के अभिनेता सनी देओल के बेटे और फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे करण देओल भी मौजूद रहे। सीएम योगी ने दोनों कलाकारों से फिल्म को लेकर बातचीत की और उन्हें हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां भेंट कीं। इस दौरान सनी देओल, प्रीति जिंटा और सीएम योगी ने साथ में तस्वीरें भी खिंचवाईं।

सनी देओल ने शेयर की मुलाकात की तस्वीरें

सनी देओल ने सोशल मीडिया पर सीएम योगी के साथ मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें काफी खुशी हुई। उन्होंने मुलाकात को सुखद और आत्मीय बातचीत बताया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर मशहूर फिल्म अभिनेता सनी देओल और अभिनेत्री प्रीति जिंटा से शिष्टाचार मुलाकात हुई।

14 अगस्त को रिलीज होगी ‘बटवारा 1947’

राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बटवारा 1947’ भारत-पाकिस्तान के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। फिल्म में विभाजन के दौर के बीच प्यार, त्याग और हिम्मत की कहानी को दिखाया गया है। फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से होगा। हाल ही में फिल्म का नया गाना ‘तबस्सुम’ भी रिलीज किया गया है, जिसे करण देओल-कनिका कपूर और अली फजल-खुशी हजारे के किरदारों पर फिल्माया गया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH