NationalTop News

छात्र आंदोलन पर संसद में चर्चा को सरकार तैयार, रिजिजू बोले- गृह मंत्री देंगे जवाब, राहुल गांधी ने उठाए सवाल

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को कहा कि सरकार संसद में छात्र विरोध प्रदर्शनों और दिल्ली में हुई पुलिस कार्रवाई पर विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने बताया कि विपक्ष की मांग के बाद सरकार इस मुद्दे पर चर्चा कराने को लेकर सहमत है और गृह मंत्री अमित शाह सदन में मौजूद रहकर सरकार का पक्ष रखेंगे। रिजिजू ने विपक्ष से अपील की कि चर्चा के दौरान सदन में हंगामा न किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़ी घटनाओं पर पूरी चर्चा के लिए तैयार है। विपक्ष को गृह मंत्री का बयान सुनना चाहिए और सरकार का जवाब सामने आने देना चाहिए।

राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार के प्रस्ताव पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमित शाह करीब 20 दिनों से संसद में इस मामले पर जवाब देने नहीं आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की ओर से चर्चा के लिए दिए गए प्रस्तावों को लगातार खारिज किया गया है। राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री की चुप्पी को महज चूक नहीं माना जा सकता। उन्होंने मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जब तक जिम्मेदारी तय नहीं होती, विपक्ष इस मुद्दे पर अपनी लड़ाई जारी रखेगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH