चेन्नई के गिंडी इलाके में सोमवार, 10 अगस्त की सुबह मशहूर संगीतकार एआर रहमान के बेटे और प्लेबैक सिंगर एआर अमीन की कार का एक्सीडेंट हो गया। हादसा ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास हुआ, जहां अमीन अपने एक दोस्त के साथ सफर कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, एक वैगन-आर साइड रोड से मुख्य सड़क पर आई और एक पोर्श से टकरा गई। वहीं, अन्य जानकारी के अनुसार अमीन की कार एक कैब से भी टकराई थी। हादसे की परिस्थितियों और टक्कर की सही वजह की पुलिस जांच कर रही है। हादसे में एआर अमीन और उनके दोस्त को मामूली चोटें आईं। दोनों को एहतियात के तौर पर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। दोनों अब सुरक्षित हैं और घर लौट चुके हैं।
बहन खतीजा ने बताया- अमीन सुरक्षित हैं
हादसे की खबर सामने आने के बाद एआर अमीन की बहन खतीजा रहमान ने सोशल मीडिया के जरिए उनकी सेहत की जानकारी दी। सोमवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर उन्होंने फैंस का चिंता जताने और संदेश भेजने के लिए धन्यवाद दिया। खतीजा ने बताया कि वह सभी लोगों को अलग-अलग जवाब नहीं दे पा रही हैं, लेकिन अमीन भगवान की कृपा से सुरक्षित और ठीक हैं।
कई भाषाओं में गा चुके हैं एआर अमीन
एआर अमीन प्लेबैक सिंगर के तौर पर कई भारतीय भाषाओं में काम कर चुके हैं। इसके अलावा वह अपने स्वतंत्र म्यूजिक प्रोजेक्ट्स पर भी सक्रिय हैं। हाल ही में उन्होंने राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ के गाने ‘चिकिरी चिकिरी’ के तमिल वर्जन को अपनी आवाज दी थी। अमीन ने जसलीन रॉयल के साथ स्वतंत्र ट्रैक ‘भीगी भीगी’ पर भी काम किया है, जिसमें दुलकर सलमान और मृणाल ठाकुर नजर आए हैं। वहीं, एआर रहमान भी इस साल कई बड़े प्रोजेक्ट्स को लेकर चर्चा में हैं। उनके आगामी प्रोजेक्ट्स में ‘रामायण: पार्ट 1’, ‘रामायण: पार्ट 2’, ‘बटवारा 1947’, ‘मून वॉक’ और धनुष की एक अनटाइटल्ड फिल्म शामिल है। इस फिल्म का निर्देशन मारी सेल्वराज कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस हादसे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है। एआर रहमान या एआर अमीन की ओर से दुर्घटना को लेकर कोई अलग आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।




