RegionalTop News

भगवंत मान ने राज्यपाल से की अपील, जगतार सिंह हवारा को 10 दिन की पैरोल देने का अनुरोध

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात कर जगतार सिंह हवारा को मानवीय आधार पर 10 दिन की पैरोल देने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने हवारा की वृद्ध और बीमार मां की स्थिति का हवाला देते हुए राज्यपाल से इस मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 31 साल बाद हवारा की मां को अपने बेटे से मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि हवारा की मां उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं और उनकी हालत लगातार बिगड़ रही है। ऐसे में मानवीय आधार पर हवारा को कुछ दिनों के लिए पैरोल मिलनी चाहिए, ताकि वह अपनी मां से मुलाकात कर सकें।

राज्यपाल की सिफारिश जरूरी

भगवंत मान ने कहा कि इस मामले में राज्यपाल की सिफारिश जरूरी है, क्योंकि संबंधित मामले की सुनवाई दिल्ली में चल रही है। उन्होंने राज्यपाल से मानवीय पहलू और हवारा की मां की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखते हुए जल्द फैसला लेने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि यदि हवारा को पैरोल दी जाती है तो पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी जिम्मेदारी उठाएगी। उन्होंने कहा कि हवारा के घर आने के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसके लिए सरकार सभी जरूरी कदम उठाएगी।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने की गारंटी

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य में लंबे प्रयासों से कायम हुई शांति और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार की ओर से किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, हवारा के परिवार और समर्थकों ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में राज्य सरकार को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। उन्होंने राज्यपाल को यह भी आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने में पूरा सहयोग करेगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH