कानपुर, 28 सितंबर 2026- कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर के अंतर्गत आने वाले सभी 15 जिलों में आज ‘निधि आपके निकट 2.0’ शिविरों का सफल आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य सदस्यों, पेंशनरों एवं नियोजकों की भविष्य निधि एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना रहा।
उन्नाव में आयोजित शिविर में श्री प्रतीश सिंह, क्षेत्रीय आयुक्त-II, ने स्वयं उपस्थित होकर पीएफ से संबंधित समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया की निगरानी की तथा लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान कराया।
शिविर के दौरान कर्मचारी नामांकन अभियान (Employee Enrolment Campaign), विश्वास योजना 2026 तथा जीवन प्रमाण के अद्यतन से संबंधित विषयों पर विशेष जोर दिया गया। उपस्थित सदस्यों एवं नियोजकों को ईपीएफओ की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुक्त ने बताया कि ‘निधि आपके निकट 2.0’ शिविरों का आयोजन प्रत्येक माह की 27 तारीख को किया जाता है, जिसके माध्यम से सदस्यों, पेंशनरों एवं नियोजकों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने सभी सदस्यों एवं नियोजकों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी भविष्य निधि एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राप्त करें तथा ईपीएफओ द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठाएं।




