नई दिल्ली, 19 अगस्त 2026: अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने पंजाब के गैंगस्टर मेजर सिंह को वांटेड घोषित किया है। FBI के मुताबिक, मेजर सिंह का संबंध जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक नेटवर्क से है। यह नेटवर्क अमेरिका के लॉस एंजिलिस समेत कई इलाकों में सक्रिय बताया गया है।
मेजर सिंह पर क्या हैं आरोप?
FBI के अनुसार, मेजर सिंह पर RICO (Racketeer Influenced and Corrupt Organizations) एक्ट के तहत आपराधिक साजिश में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा उस पर बिना लाइसेंस हथियारों की खरीद-फरोख्त और ड्रग्स की सप्लाई व बिक्री से जुड़ी साजिश में शामिल होने के आरोप भी हैं। FBI के मुताबिक, यह मामला अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत में चल रहा है। मेजर सिंह के खिलाफ 25 जून 2026 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क से जुड़ाव
अमेरिकी जांच एजेंसी का दावा है कि मेजर सिंह पंजाब में सक्रिय रहे जग्गू भगवानपुरिया के संगठित आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा है। जांच के मुताबिक, इस नेटवर्क की गतिविधियां भारत से आगे अमेरिका तक फैली हुई हैं और इसमें कथित तौर पर अवैध हथियारों के कारोबार, ड्रग्स तस्करी और अन्य संगठित अपराध शामिल हैं। अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी पहले ही जग्गू भगवानपुरिया और उसके कई सहयोगियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगा चुकी है। अमेरिकी अभियोजन पक्ष के मुताबिक, यह कथित नेटवर्क भारत, अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको तक फैला हुआ है।
FBI ने जारी की पहचान संबंधी जानकारी
FBI ने मेजर सिंह की पहचान से जुड़ी जानकारी भी सार्वजनिक की है। एजेंसी के मुताबिक, उसकी जन्मतिथि 20 जुलाई 1997 है और उसकी राष्ट्रीयता भारतीय है। उसकी लंबाई करीब 5 फीट 8 इंच और वजन लगभग 182 पाउंड बताया गया है। FBI के मुताबिक उसके बाल और आंखें काले हैं। FBI ने लोगों से मेजर सिंह के बारे में किसी भी जानकारी को एजेंसी तक पहुंचाने की अपील की है। फिलहाल अमेरिकी जांच एजेंसी उसकी तलाश में जुटी है।




