NationalTop News

कोलकाता के होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत, 6 घायल, 60 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

कोलकाता, 19 अगस्त 2026: कोलकाता से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित एक होटल में देर रात भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 पुरुष, 2 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। हादसे में 6 अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, होटल में आग देर रात करीब 2 बजे के बाद लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

9 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

रात करीब 3 बजे के बाद रेस्क्यू किए गए 9 लोगों को कलकत्ता मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि धुएं की वजह से कई लोग बेहोश भी हुए। फायर ब्रिगेड के मुताबिक, इमारत से करीब 60 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

होटल में आग से बचाव के इंतजाम पर सवाल

हादसे के बाद होटल में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि होटल में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

AC में विस्फोट की आशंका

फिलहाल आग लगने की सही वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी में एयर कंडीशनर में विस्फोट को आग की संभावित वजह बताया जा रहा है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। मिर्जा गालिब स्ट्रीट न्यू मार्केट के पास स्थित है और यह कोलकाता के बेहद व्यस्त व घनी आबादी वाले इलाकों में शामिल है। ऐसे में आग लगने की घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH