मुंबई के कुर्ला में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। कुरैशी नगर इलाके में काम के दौरान एक विशाल क्रेन रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर जा गिरी। हादसे की चपेट में रेलवे ट्रैक के किनारे बनी कई झोपड़ियां भी आ गईं। घटना में कुल 8 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें 6 घायलों को सायन अस्पताल और 2 को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर गिरी क्रेन
हादसा कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच हुआ, जहां MMRDA के एक कार्यस्थल पर क्रेन लगाई जा रही थी। इसी दौरान क्रेन अनियंत्रित होकर रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर गिर गई। बताया जा रहा है कि शिफ्टिंग के दौरान क्रेन एक घर से भी टकराई, जिससे आसपास की झोपड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। सेंट्रल रेलवे के मुताबिक, यह सिंगल रेलवे लाइन है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से मालगाड़ियों के लिए किया जाता है। इसलिए हादसे का रेल यातायात पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा।
BMC ने दी हादसे की जानकारी
BMC के मुताबिक, मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर से मिली जानकारी के अनुसार, MHADA की ओर से इलाके में हटाने या तोड़ने का काम शुरू किया जाना था। इसी काम के लिए पोकलेन मशीन की मदद से क्रेन लगाई जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन की टीम यह भी जांच कर रही है कि मलबे में कोई अन्य व्यक्ति तो नहीं फंसा है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।




