NationalTop News

हैदराबाद में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन की टक्कर से महिला की मौत, सांसद के बेटे पर केस

हैदराबाद, 21 अगस्त 2026। हैदराबाद के माधापुर इलाके में तेज रफ्तार एस्टन मार्टिन कार की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा 16 अगस्त को इनऑर्बिट मॉल के सामने हुआ था। मृतका की पहचान भारती मुखी के रूप में हुई है, जो मॉल के लाइफस्टाइल स्टोर में काम करती थीं। पुलिस ने कार चालक की पहचान 21 वर्षीय लिंगमनेनी संजुश के रूप में की है। वह राज्यसभा सांसद और कारोबारी लिंगमनेनी रमेश के बेटे बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क पार करते समय हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे भारती मुखी अपनी सहकर्मी पूजा अशोक के साथ ITC कोहिनूर के पास गई थीं। दोनों जब वापस इनऑर्बिट मॉल की ओर लौट रही थीं और सड़क पार कर रही थीं, तभी रजिस्ट्रेशन नंबर TG-09-G-0666 वाली कार ने भारती को टक्कर मार दी। हादसे में भारती को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल जुबली हिल्स स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी को भेजा गया नोटिस

माधापुर के ACP सीएच श्रीधर के मुताबिक, आरोपी को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामला जमानती अपराध की श्रेणी में आता है और इसमें अधिकतम सजा सात साल से कम है, इसलिए फिलहाल गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस ने हादसे के बाद आरोपी का ड्रंक एंड ड्राइव और ड्रग टेस्ट कराया। उसके रक्त के नमूने जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजे गए हैं। दुर्घटना में शामिल कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

BNS की धारा 106(1) में मामला दर्ज

मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर माधापुर पुलिस स्टेशन में क्राइम नंबर 1238/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। FSL रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH