भारत क्रिकेट के मैदान पर एक और अनोखी उपलब्धि हासिल करने की तैयारी में है। लद्दाख में समुद्र तल से करीब 11,800 फीट की ऊंचाई पर दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना तैयार की गई है। लेह के पास थिक्से इलाके में प्रस्तावित इस स्टेडियम से स्थानीय खिलाड़ियों को नई सुविधाएं मिलने के साथ-साथ लद्दाख के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
लेह के पास थिक्से में बनेगा स्टेडियम
लद्दाख प्रशासन ने थिक्से इलाके में क्रिकेट स्टेडियम तैयार करने की योजना बनाई है। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के जरिए लद्दाख में क्रिकेट के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रस्तावित स्टेडियम का नाम रणबीरपुर क्रिकेट स्टेडियम रखा जा सकता है। स्टेडियम बनने के बाद स्थानीय युवा खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर मैदान मिलेगा। साथ ही घरेलू क्रिकेट के मुकाबलों की मेजबानी के लिए भी लद्दाख के पास अपना एक बड़ा क्रिकेट वेन्यू होगा।
धर्मशाला से भी ज्यादा ऊंचाई पर होगा मैदान
फिलहाल हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में करीब 8,000 फीट की ऊंचाई पर क्रिकेट स्टेडियम मौजूद है। लेकिन लद्दाख में बनने वाला स्टेडियम इससे करीब 3,800 फीट ज्यादा ऊंचाई पर होगा। लेह से थिक्से की दूरी करीब 17 किलोमीटर बताई जा रही है। हालांकि, लद्दाख के मौसम और बेहद कम तापमान को देखते हुए यहां बड़े मुकाबलों का आयोजन मुख्य रूप से गर्मियों के मौसम में ही किया जा सकेगा।
क्रिकेट के साथ पर्यटन को भी मिलेगा फायदा
लद्दाख पहले से ही अपने खूबसूरत पहाड़ों और प्राकृतिक नजारों के कारण पर्यटकों के बीच लोकप्रिय है। ऐसे में अगर यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम तैयार होता है, तो क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी यह नया आकर्षण बन सकता है। प्रशासन को उम्मीद है कि स्टेडियम बनने के बाद खेल गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
भारत के पास पहले से है दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम
क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भारत पहले ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर चुका है। अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम करीब 1.32 लाख दर्शकों की क्षमता के साथ दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है। 2015 में पुराने मोटेरा स्टेडियम को दोबारा बनाने का काम शुरू हुआ था और फरवरी 2020 में नए स्टेडियम का उद्घाटन किया गया। अब लद्दाख में प्रस्तावित क्रिकेट मैदान तैयार होने के बाद भारत के पास दुनिया का सबसे ऊंचा और सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, दोनों होने की उपलब्धि होगी।




