काठमांडू: नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन के बीच इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के दौरान बहकर आए एक महिला के शव से कथित तौर पर जेवर चोरी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान 25 वर्षीय मदन गुरुंग और 38 वर्षीय उमेश चौधरी के रूप में हुई है। दोनों को चितवन पुलिस ने तकनीकी जांच और वायरल वीडियो के आधार पर पकड़ा।
वीडियो में क्या दिखा?
वायरल वीडियो में दो लोग बांस या डंडे की मदद से नदी के बहाव में आए महिला के शव को किनारे की ओर खींचते दिखाई दे रहे हैं। शुरुआत में ऐसा लगा कि दोनों शव को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, वीडियो में बाद में कथित तौर पर शव से आभूषण निकालते हुए देखा गया। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही लोगों में नाराजगी फैल गई। कई लोगों ने इस घटना को आपदा के बीच मानवीय संवेदनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
मामले का वीडियो सामने आने के बाद चितवन के पुलिस अधीक्षक रामेश्वर पौडेल ने तत्काल विशेष टीम गठित की। टीम ने वीडियो की जांच के साथ तकनीकी माध्यमों से संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच के बाद पुलिस टीम ने दोनों युवकों को भरतपुर के पोखरा बस पार्क इलाके के पास से हिरासत में लिया। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना में उनकी क्या भूमिका थी।
कौन हैं हिरासत में लिए गए युवक?
पुलिस के अनुसार, मदन गुरुंग की उम्र 25 वर्ष है। वह नवलपरासी जिले की विनयी त्रिवेणी ग्रामीण नगरपालिका-1 का रहने वाला बताया गया है और फिलहाल चितवन में रह रहा था।वहीं, 38 वर्षीय उमेश चौधरी सुनसरी जिले की चांदबेला नगरपालिका-5 का मूल निवासी है और वर्तमान में चितवन में रह रहा था।
बाढ़ से नेपाल में भारी तबाही
नेपाल में पिछले दिनों आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई जगह सड़कें, पुल और दूसरी आधारभूत संरचनाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।




