NationalTop News

IAF से रिटायर हुए ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान! अब इस एयरलाइन में पायलट की संभाली कमान

नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना के जांबाज अधिकारी ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनंदन ने भारतीय वायुसेना से अपना करियर समाप्त कर अब कमर्शियल एविएशन का रुख किया है। बताया जा रहा है कि वह गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 के साथ पायलट के तौर पर जुड़ गए हैं। समाचार एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि अभिनंदन ने अगस्त में एयरलाइन के साथ अपना नया असाइनमेंट शुरू किया। हालांकि, उनकी नियुक्ति और भूमिका को लेकर एयरलाइन की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

Fly91 ने निजी जानकारी का हवाला देकर नहीं दी पुष्टि

अभिनंदन वर्धमान के Fly91 से जुड़ने को लेकर एयरलाइन के प्रवक्ता से प्रतिक्रिया मांगी गई थी। प्रवक्ता ने कर्मचारियों से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी को निजी मामला बताते हुए इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। Fly91 ने वर्ष 2024 में अपना व्यावसायिक परिचालन शुरू किया था। एयरलाइन का संचालन गोवा और हैदराबाद से होता है। मौजूदा समय में इसके बेड़े में छह विमान होने की जानकारी सामने आई है।

2019 में पाकिस्तान के F-16 को मार गिराने के बाद आए थे सुर्खियों में

अभिनंदन वर्धमान का नाम वर्ष 2019 में भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य तनाव के दौरान दुनियाभर में चर्चा में आया था। पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने 26 फरवरी 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन यानी 27 फरवरी को पाकिस्तान की ओर से भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश की गई। इस दौरान भारतीय और पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों के बीच हवाई मुठभेड़ हुई।

अभिनंदन उस समय MiG-21 बाइसन पर तैनात थे। भारतीय पक्ष के मुताबिक, हवाई संघर्ष के दौरान उन्होंने पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराया। हालांकि, इस कार्रवाई के दौरान उनका विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उन्हें पाकिस्तान में हिरासत में ले लिया गया। बाद में भारत के कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच पाकिस्तान ने करीब तीन दिन बाद अभिनंदन को भारत को सौंप दिया था। उनकी वापसी के बाद देशभर में उनका जोरदार स्वागत हुआ था।

2021 में मिला था वीर चक्र

अभिनंदन वर्धमान को उनके अदम्य साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए वर्ष 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया था। वीर चक्र युद्धकाल में दिया जाने वाला भारत का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। वायुसेना में सेवा के दौरान अभिनंदन की पहचान एक साहसी लड़ाकू पायलट के रूप में बनी। अब कमर्शियल एविएशन में उनके कदम रखने की खबर के बाद उनका नाम एक बार फिर चर्चा में है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH