NationalTop News

चिराग पासवान ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस में दी शिकायत, बोले- ‘मेरे नाम का किया गया गलत इस्तेमाल’

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। स्वतंत्र पर दिल्ली में एक प्रदर्शन के दौरान छात्रा के पिता के साथ कथित मारपीट का आरोप है। चिराग पासवान ने साफ किया है कि स्वतंत्र भारद्वाज से उनका कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है और उनके नाम का इस्तेमाल गलत तरीके से किया गया है। चिराग पासवान के मुताबिक, सार्वजनिक जीवन में होने के कारण उनसे बड़ी संख्या में लोग मिलते हैं। कोई अपनी समस्या बताने आता है तो कोई अपनी बात रखने के लिए मुलाकात करता है। ऐसे में किसी नेता से मुलाकात या तस्वीर सामने आने को निजी रिश्ते का प्रमाण नहीं माना जा सकता।

‘मेरे और पार्टी के नाम का गलत इस्तेमाल हुआ’

चिराग पासवान ने आरोप लगाया कि स्वतंत्र भारद्वाज ने उनके नाम और उनकी पार्टी से जुड़े होने का गलत दावा कर उनकी छवि प्रभावित करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि किसी सार्वजनिक व्यक्ति से मिलना और उसके साथ निजी संबंध होने का दावा करना दो अलग-अलग बातें हैं। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इसी वजह से उन्होंने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ दिल्ली पुलिस में आधिकारिक शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच करने और तथ्यों को सामने लाने की मांग की है। चिराग ने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक रूप से मारपीट की बात स्वीकार करता है और इसके बावजूद उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तो इससे समाज में गलत संदेश जाएगा। उनके मुताबिक, कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और मामले में तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्वतंत्र ने पॉडकास्ट में क्या दावा किया था?

विवाद उस समय बढ़ा जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट सामने आया। इसमें उसने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान नीशू आजाद के पिता संजय कुमार आजाद के साथ कथित मारपीट का जिक्र किया। पॉडकास्ट में स्वतंत्र ने कथित तौर पर संजय के साथ मारपीट करने और उनके सिर पर चोट पहुंचाने का दावा किया। इसी बातचीत के दौरान उसने कपिल मिश्रा, चिराग पासवान और प्रधानमंत्री का नाम लेते हुए उन्हें अपना ‘बड़ा भाई’ बताया और दावा किया कि उसे इन लोगों का समर्थन हासिल है। चिराग पासवान ने अब इन दावों से खुद को अलग करते हुए कहा है कि किसी नेता से संपर्क या मुलाकात को व्यक्तिगत नजदीकी अथवा समर्थन के तौर पर पेश करना सही नहीं है।

स्वतंत्र के खिलाफ FIR, यूपी से हिरासत में लिए जाने का दावा

इस मामले को लेकर सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रदर्शन भी किया। संसद मार्ग थाने के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी और कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ मारपीट के मामले में FIR दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई। मामले में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़े जाने की बात कही गई है। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी की ओर से आयोजित प्रदर्शन के दौरान नीशू आजाद के पिता संजय कुमार आजाद के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया था। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान स्वतंत्र भारद्वाज ने उनके साथ मारपीट की। मामले में संसद मार्ग थाने में पहले ही FIR दर्ज होने की बात सामने आई थी। बाद में स्वतंत्र का कथित वीडियो/पॉडकास्ट सामने आया, जिसमें वह घटना में अपनी भूमिका का जिक्र करता दिखाई दिया। इसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया और प्रदर्शन से जुड़े लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। अब चिराग पासवान की ओर से पुलिस में शिकायत दिए जाने के बाद मामले में राजनीतिक कनेक्शन को लेकर लगाए जा रहे दावों पर भी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की गई है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH