उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सरकारी जमीन पर कथित अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित एक मस्जिद को हटाने के लिए सुबह करीब 4 बजे बुलडोजर अभियान शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासन की कार्रवाई के लिए मौके पर छह बुलडोजर लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि अब तक मस्जिद के एक हिस्से को ध्वस्त किया जा चुका है, जबकि बाकी हिस्से को हटाने का काम जारी है। मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध और नाराजगी की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
शिकायत के बाद शुरू हुआ था मामला
मामला सहारनपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद से जुड़ा है। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि सरकारी परिसर की जमीन पर मस्जिद का निर्माण किया गया है। शिकायत के आधार पर प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और सुनवाई की गई। सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह की अदालत ने 16 जुलाई 2026 को मामले में फैसला सुनाते हुए संबंधित मस्जिद को अवैध निर्माण माना और इसे हटाने का आदेश दिया था। इस आदेश के खिलाफ मस्जिद पक्ष ने 20 जुलाई को जिला अदालत में पुनर्विचार/अपील दाखिल की थी।
जिला अदालत में भी नहीं मिली राहत
मस्जिद पक्ष की ओर से दाखिल अपील पर जिला जज सतेंद्र कुमार की अदालत में सुनवाई हुई। 2 सितंबर 2026 को अदालत ने अपील खारिज कर दी। अदालत ने विवादित जमीन को सरकारी संपत्ति माना और सिटी मजिस्ट्रेट के 16 जुलाई के आदेश को बरकरार रखा। जिला अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद प्रशासन ने अदालत के आदेश का पालन करते हुए शनिवार तड़के मस्जिद को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वस्तीकरण अभियान जारी है और सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर तैनात हैं।




