Top NewsUttar Pradesh

राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा आज CM योगी से करेंगे मुलाकात, अयोध्या पहुंचे रिटायर्ड एयर मार्शल

अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO की जिम्मेदारी संभालने के बाद रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज अयोध्या पहुंच रहे हैं, जहां वह रामलला के दर्शन और पूजन करेंगे। वहीं, जितेंद्र मिश्रा मंगलवार सुबह ट्रेन से अयोध्या पहुंच चुके हैं।

2 सितंबर को CEO बनाए जाने का हुआ था ऐलान

जितेंद्र मिश्रा के नाम का ऐलान 2 सितंबर को राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के तौर पर किया गया था। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले जितेंद्र मिश्रा 30 अप्रैल 2026 को भारतीय वायुसेना से रिटायर हुए हैं। वह एयर मार्शल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं और वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख भी रह चुके हैं। जितेंद्र मिश्रा ने कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर में भी अहम भूमिका निभाई थी। सैन्य सेवा के दौरान उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल (SYSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है।

दान में चोरी के मामले के बाद CEO की नियुक्ति

राम मंदिर में दान से जुड़ी चोरी के मामले के सामने आने के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा को उनके पदों से हटाया गया था। इसी के बाद ट्रस्ट के कामकाज को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए CEO की नियुक्ति का फैसला लिया गया।

तीन नए ट्रस्टी भी बनाए गए

CEO की नियुक्ति के साथ ही राम मंदिर ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टी भी शामिल किए गए। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को नया ट्रस्टी बनाया गया है। CEO नियुक्त किए जाने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने इसे अपना सौभाग्य बताया था। उन्होंने कहा था कि भारतीय वायुसेना में 43 साल देश की सेवा करने के बाद अब उन्हें श्रीराम मंदिर और राम भक्तों की सेवा का अवसर मिला है। उन्होंने इसे भगवान राम का आशीर्वाद भी बताया था।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH