NationalTop News

अरुणाचल प्रदेश में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, 2.9 रही तीव्रता तवांग के पास बताया गया केंद्र

अरुणाचल प्रदेश के बिछोम क्षेत्र में मंगलवार सुबह हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.9 मापी गई। भूकंप सुबह 5 बजकर 44 मिनट 15 सेकंड पर आया। NCS के अनुसार, भूकंप का केंद्र 27.540 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 92.817 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। इसकी गहराई जमीन के भीतर करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई। भौगोलिक स्थिति के आधार पर भूकंप का केंद्र तवांग के आसपास के इलाके में बताया जा रहा है। फिलहाल भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।

अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता का भूकंप

इससे पहले सोमवार सुबह अफगानिस्तान में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। NCS के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई थी। यह भूकंप सुबह 5 बजकर 36 मिनट पर आया और इसका केंद्र जमीन के भीतर करीब 130 किलोमीटर की गहराई में था।

तिब्बत में भी आया था 5.0 तीव्रता का भूकंप

इससे पहले तिब्बत में भी 5.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। NCS के अनुसार, भूकंप दोपहर 1 बजकर 46 मिनट पर आया था और इसका केंद्र जमीन के करीब 14 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का केंद्र 31.479 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 80.370 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया था। हालांकि, उस समय भी किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई थी।

कैसे आता है भूकंप?

भूकंप धरती की सतह पर होने वाला अचानक कंपन है। इसके पीछे मुख्य वजह पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल होती है। पृथ्वी की ऊपरी परत कई बड़ी प्लेटों में बंटी हुई है, जो लगातार धीरे-धीरे खिसकती रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, एक-दूसरे से फिसलती हैं या एक प्लेट दूसरी के नीचे चली जाती है, तो इनके किनारों पर तनाव जमा होता रहता है। जब यह तनाव अचानक रिलीज होता है, तो ऊर्जा तरंगों के रूप में बाहर निकलती है। इसी वजह से धरती में कंपन पैदा होता है, जिसे हम भूकंप के झटकों के रूप में महसूस करते हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH