NationalTop News

PM मोदी के वडोदरा कार्यक्रम को लेकर जबरदस्त उत्साह, 1 घंटे में फुल हुईं सीटें 42 हजार से ज्यादा वेटिंग में

वडोदरा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में होने वाले कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर सभी उपलब्ध सीटें बुक हो गईं। इसके बाद 42 हजार से ज्यादा लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए इसकी जानकारी दी। खास बात यह है कि इतने बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम में पहली बार निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए रजिस्ट्रेशन और एंट्री व्यवस्था को बड़े स्तर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

एक घंटे में बुक हुईं सभी सीटें

वडोदरा नगर निगम (VMC) ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में आम लोगों के लिए मुफ्त रजिस्ट्रेशन की सुविधा BookMyShow के जरिए उपलब्ध कराई थी। रजिस्ट्रेशन खुलते ही बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन किया और करीब एक घंटे में सभी उपलब्ध सीटें बुक हो गईं। सीटों की क्षमता पूरी होने के बाद रजिस्ट्रेशन बंद कर दिया गया। इसके बाद 42 हजार से ज्यादा लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया। डिजिटल सिस्टम के जरिए रजिस्ट्रेशन से लेकर कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और सीट प्रबंधन तक की व्यवस्था को जोड़ा गया है।

QR कोड से होगी कार्यक्रम स्थल पर एंट्री

जिन लोगों का रजिस्ट्रेशन सफल हुआ है, उन्हें उनके BookMyShow अकाउंट पर डिजिटल M-Ticket मिलेगा। इस टिकट में सुरक्षित और लाइव QR कोड मौजूद होगा। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के दौरान इसी QR कोड को स्कैन कर टिकट की जांच की जाएगी। इस डिजिटल व्यवस्था से भीड़ को नियंत्रित करने और प्रवेश प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

वडोदरा में कई बड़े विकास प्रोजेक्ट्स की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वडोदरा दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी। कार्यक्रम में वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन सेक्शन के कमीशनिंग का प्रमुख कार्यक्रम शामिल है। इन तीनों सेक्शन की कुल लंबाई 326 रूट किलोमीटर है और इन पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। इनमें सानंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-JNPT सेक्शन शामिल हैं।

चार जगहों से फ्रेट ट्रेन सेवाओं को दिखाएंगे हरी झंडी

PM मोदी न्यू सानंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू JNPT से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इन नई रेल सुविधाओं से डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर माल ढुलाई को गति मिलने और औद्योगिक क्षेत्रों को बंदरगाहों से बेहतर तरीके से जोड़ने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रधानमंत्री वडोदरा और टांडा रोड के बीच नई पैसेंजर ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे वडोदरा के अलावा छोटा उदयपुर और अलीराजपुर के यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

तीन बड़ी रेलवे परियोजनाओं की रखी जाएगी आधारशिला

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनकी कुल लंबाई 329 किलोमीटर है और इन पर 9,700 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च होने का अनुमान है।

इन परियोजनाओं में शामिल हैं:

  • वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी और चौथी रेलवे लाइन का निर्माण।
  • मियागाम करजन-चोरंदा-मलसर गेज कन्वर्जन परियोजना।
  • विश्वामित्री-दाभोई रेलवे लाइन का दोहरीकरण।

इन परियोजनाओं से गुजरात के रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और अलग-अलग क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

तीन नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स की भी आधारशिला

प्रधानमंत्री तीन नेशनल हाईवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनकी कुल अनुमानित लागत करीब 1,780 करोड़ रुपये है। इसके अलावा गुजरात सरकार की कई विकास परियोजनाएं भी कार्यक्रम में शामिल हैं, जिनकी कुल लागत करीब 2,600 करोड़ रुपये बताई गई है। इस तरह PM मोदी का वडोदरा कार्यक्रम सिर्फ एक सार्वजनिक सभा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें रेल, फ्रेट कॉरिडोर, हाईवे और राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं से जुड़े कई बड़े काम शामिल होंगे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH