कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती ने एक महिला और युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का दावा है कि उसे बुर्का पहनाकर फोटो खींची गई, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। युवती ने फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि कथित धमकियों और उत्पीड़न के कारण उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया और उसे अपनी पढ़ाई तक छोड़नी पड़ी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
पड़ोस के परिवार से बचपन से थी जान-पहचान
युवती के मुताबिक, रावतपुर निवासी रूबी खान के घर के पास उसकी नानी का मकान है। बचपन से नानी के घर रहने के कारण उसका रूबी के परिवार के यहां आना-जाना था और वह उन्हें मामी कहती थी। शिकायत के अनुसार, करीब दो साल पहले रूबी खान के बच्चों को अरबी पढ़ाने के लिए तौफीक नाम का युवक उनके घर आने लगा। इसी दौरान युवती की भी उससे पहचान हुई। युवती का कहना है कि उस समय वह, रूबी और तौफीक कभी-कभी साथ में चाय पीने के लिए बाहर भी जाते थे।
बुर्का पहनाकर फोटो लेने का आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि एक दिन रूबी खान ने उसे बुर्का पहनाया और उसकी तस्वीरें खींचीं। इसके बाद एक दिन रूबी उसे चाय पिलाने के लिए बाहर ले गईं, जहां तौफीक भी मौजूद था। युवती का दावा है कि वहां तौफीक ने उसे बुर्का पहनकर रहने, मस्जिद में रहने और नमाज पढ़ने के लिए कहा। इसके साथ ही उस पर इस्लाम कबूल कर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया। युवती के मुताबिक, उसने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों ने उसके साथ मारपीट की।
फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का दावा
युवती ने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन से इनकार करने पर उसे उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। उसका कहना है कि इसके बाद रास्ते में भी उसे कथित तौर पर परेशान और धमकाया जाता रहा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण युवती ने रावतपुर क्षेत्र के एक कॉलेज में बीबीए की पढ़ाई छोड़ दी। उसका दावा है कि नवंबर 2025 में उसने डर की वजह से कॉलेज जाना बंद कर दिया और नानी के घर से दूर अपने माता-पिता के साथ रहने लगी। युवती का आरोप है कि घर बदलने के बाद भी कथित दबाव और धमकियां जारी रहीं।
2 सितंबर को पुलिस से की शिकायत
युवती ने 2 सितंबर को रावतपुर थाने में तहरीर देकर मामले की शिकायत की। उसका आरोप है कि शुरुआत में उसकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया गया। युवती के मुताबिक, शिकायत के दौरान आरोपी पक्ष से जुड़े कुछ लोग भी थाने के बाहर पहुंचे और उसे कथित तौर पर धमकी दी।
आरोपी युवक हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक तौफीक को हिरासत में लिया है। डीसीपी कासिम आब्दी ने भी आरोपी को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। डीसीपी के मुताबिक, युवती की शिकायत पर आरोपी को हिरासत में लिया गया है और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई
युवती ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल, युवती की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आरोपों की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी।




