NationalTop News

UP Election 2027: कांग्रेस ने सपा को भेजी 181 सीटों की लिस्ट, दिसंबर के पहले हफ्ते से शुरू होगा चुनावी अभियान

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर INDIA गठबंधन के भीतर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (SP) के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारी आगे बढ़ा दी है। खबर है कि कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची भेजी है। पार्टी इन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है। हालांकि, सीट शेयरिंग को लेकर दोनों दलों के बीच अंतिम सहमति बनना अभी बाकी है।

खरगे के आवास पर हुई यूपी चुनाव को लेकर अहम बैठक

दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक हुई। इसमें प्रदेश के राजनीतिक हालात, संगठन की तैयारियों और चुनावी अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के बाद खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर मंथन हुआ है। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस INDIA गठबंधन के सहयोगियों के साथ मिलकर प्रदेश की जनता के सामने मजबूत विकल्प पेश करेगी। खरगे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

दिसंबर के पहले सप्ताह से कांग्रेस शुरू करेगी चुनावी अभियान

बैठक के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि पार्टी दिसंबर के पहले सप्ताह से प्रदेश में तेज गति से चुनाव प्रचार शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन और प्रियंका गांधी समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान पूरे चुनाव अभियान की रूपरेखा पर चर्चा हुई। राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, कांग्रेस का संगठन जमीनी स्तर तक चुनाव के लिए तैयार है। अब अभियान में बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई जा रही है।

सपा-कांग्रेस की बैठक में सीट शेयरिंग पर होगी चर्चा

सीटों के बंटवारे को लेकर राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ बैठक को लेकर जानकारी जल्द साझा की जाएगी। उन्होंने बताया कि शाम तक यह स्पष्ट हो सकता है कि बैठक कहां होगी और सपा की ओर से कौन-कौन नेता इसमें शामिल होंगे। कांग्रेस की ओर से 181 सीटों की सूची भेजे जाने के बाद अब दोनों दलों के बीच होने वाली बातचीत पर सबकी नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि इस चर्चा के दौरान सीटों की संख्या के साथ-साथ अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में दोनों दलों की चुनावी स्थिति पर भी विचार किया जाएगा।

इमरान मसूद बोले- मुद्दा सीटों की संख्या नहीं, जीत है

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भी बैठक के बाद पार्टी की रणनीति को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दिसंबर के पहले सप्ताह से चुनाव प्रचार शुरू करने का फैसला किया गया है। इसके तहत प्रदेश में रैलियां और यात्राएं आयोजित की जाएंगी। इमरान मसूद ने कहा कि बैठक मुख्य रूप से संगठन और चुनावी तैयारियों को लेकर थी। उन्होंने साफ किया कि INDIA गठबंधन के लिए केवल सीटों की संख्या अहम नहीं है, बल्कि सभी सहयोगी दलों का मिलकर चुनाव जीतना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अब देखना होगा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों को लेकर बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है और 181 सीटों की मांग पर सपा का क्या रुख रहता है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH