EntertainmentTop News

‘हैवान’ की धीमी शुरुआत, पहले दिन सिर्फ 3 करोड़ कमाए; ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से मिली कड़ी टक्कर

मुंबई: अक्षय कुमार और सैफ अली खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘हैवान’ 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म उनकी ही मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है। रिलीज के पहले दिन फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक खास नहीं रहा।

पहले दिन 3 करोड़ का कलेक्शन

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘हैवान’ ने भारत में पहले दिन करीब 3 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। फिल्म के 7,224 शो में करीब 11 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार, सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी करीब 5 फीसदी रही। दोपहर और शाम के शो में यह 12 फीसदी से अधिक पहुंची, जबकि रात के शो में ऑक्यूपेंसी 18 फीसदी से ज्यादा रही। अब फिल्म की असली परीक्षा वीकेंड पर होगी और देखना होगा कि शनिवार-रविवार को इसकी कमाई में कितना उछाल आता है।

‘मिर्जापुर: द मूवी’ से मुकाबला

बॉक्स ऑफिस पर ‘हैवान’ का सामना ‘मिर्जापुर: द मूवी’ से भी है, जो पिछले सप्ताह रिलीज हुई थी। फिल्म ने आठवें दिन 6,763 शो में करीब 9 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 187.55 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 157.45 करोड़ रुपये पहुंच गया। ऐसे में अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म के लिए दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचना बड़ी चुनौती होगी।

अक्षय कुमार को अलग अंदाज में पेश करना चाहते थे प्रियदर्शन

फिल्म की रिलीज से पहले प्रियदर्शन ने ANI से बातचीत में ‘ओप्पम’ के हिंदी रीमेक को लेकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि वह फिल्म में किए गए बदलावों के बारे में पहले से कुछ नहीं बताना चाहते और दर्शकों को फिल्म देखकर खुद अंतर समझने देना चाहते हैं। प्रियदर्शन ने अक्षय कुमार को अलग तरह के किरदार में पेश करने की वजह भी बताई। उनके मुताबिक, अक्षय के साथ कॉमेडी फिल्मों में काम करने के बाद उन्हें एक अलग भूमिका में दिखाने का विचार आया। इसी वजह से उन्होंने अभिनेता को इस बार अलग अंदाज में पेश करने का फैसला किया।

‘हैवान’ में मोहनलाल का खास कैमियो

‘हैवान’ को प्रियदर्शन ने को-राइट और डायरेक्ट किया है। फिल्म का निर्माण KVN प्रोडक्शंस और थेस्पियन फिल्म्स ने किया है। यह 2016 में रिलीज हुई प्रियदर्शन की मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है, जिसमें मोहनलाल और समुथिरकानी मुख्य भूमिकाओं में थे। हिंदी फिल्म में सैफ अली खान, अक्षय कुमार, बोमन ईरानी, श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर अहम भूमिकाओं में हैं। खास बात यह है कि मोहनलाल भी फिल्म में कैमियो करते नजर आए हैं। ‘हैवान’ को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या फिल्म वीकेंड पर रफ्तार पकड़ पाएगी और शुरुआती धीमी कमाई के बाद बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बना सकेगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH