मुंबई में गणेश चतुर्थी के मौके पर अभिनेता रणवीर सिंह ने मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन किए और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार के लिए बीते साल को खुशियों से भरा बताया और आगे के सफर के लिए बप्पा से मार्गदर्शन और आशीर्वाद मांगा।
रणवीर सिंह इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी पत्नी और अभिनेत्री दीपिका पादुकोण जल्द ही अपने दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली हैं। इसी बीच रणवीर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़कर 1,000 बेटियों की शिक्षा में सहयोग करने का संकल्प लिया है।
1,000 बेटियों की शिक्षा में करेंगे सहयोग
News18 से बातचीत में रणवीर सिंह ने कहा कि गणेश चतुर्थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के शुभ अवसर पर वह ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा बनकर 1,000 बेटियों की शिक्षा में योगदान देने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से बप्पा प्रसन्न होंगे और उनका आशीर्वाद हमेशा उनके परिवार पर बना रहेगा।
लालबागचा राजा के दर्शन को लेकर रणवीर ने कहा कि पिछले साल उनके और उनके परिवार के लिए खुशियों से भरा रहा है। ऐसे में वह बप्पा के दर्शन करने, उनका आभार व्यक्त करने और जीवन के अगले सफर के लिए आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं।
‘धुरंधर’ के बाद ‘प्रलय’ में नजर आएंगे रणवीर
वर्कफ्रंट की बात करें तो ‘धुरंधर’ के बाद रणवीर सिंह अब अपनी अगली फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। जय मेहता के निर्देशन में बन रही यह जॉम्बी थ्रिलर फिल्म है। इसमें कल्याणी प्रियदर्शन भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। यह प्रोजेक्ट उनके बॉलीवुड डेब्यू के तौर पर भी खास है।
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने भी लिया था संकल्प
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने बताया था कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भावना से प्रेरित होकर वह और रणबीर कपूर, BMC की सलाह के अनुसार, 20 स्कूलों को बेहतर बनाने का संकल्प ले रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के लिए स्कूलों में बेहतर सुविधाएं और सीखने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना बताया गया था।




