EntertainmentTop News

अमेरिका से लौटते ही गणपति दर्शन को पहुंचे गोविंदा, बच्चों संग की पूजा, सुनीता आहूजा रहीं नदारद

बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने गणेश चतुर्थी के मौके पर देर रात परिवार के साथ गणपति बप्पा के दर्शन किए। अमेरिका से लौटने के बाद गोविंदा सीधे अपने परिवार के पास पहुंचे और बेटे यशवर्धन व बेटी टीना के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने अपने दोनों बच्चों के बेहतर भविष्य, सफलता और खुशहाल जीवन के लिए भगवान गणेश से प्रार्थना की। हालांकि, इस दौरान उनकी पत्नी सुनीता आहूजा नजर नहीं आईं।

मां से शुरू हुई थी गणपति उत्सव की परंपरा

गणपति दर्शन के दौरान गोविंदा ने अपने परिवार में चली आ रही गणेश उत्सव की परंपरा का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके घर में गणपति बप्पा की स्थापना की शुरुआत उनकी मां ने की थी। वह कई वर्षों से इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं और अब उनके बेटे यशवर्धन भी इसमें शामिल हो गए हैं। गोविंदा के मुताबिक, उनके लिए गणपति उत्सव सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार की पुरानी परंपरा और भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बप्पा से प्रार्थना की कि यशवर्धन को जीवन में खूब सफलता और समृद्धि मिले।

बेटे के लिए मांगी पिता से भी बड़ी सफलता

गोविंदा ने बेटे यशवर्धन को लेकर अपनी दिली इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि उनका बेटा परिवार की विरासत को आगे बढ़ाते हुए उनसे भी ज्यादा कामयाबी हासिल करे। अभिनेता ने भावुक अंदाज में कहा कि उनकी इच्छा है कि एक दिन लोग कहें कि यशवर्धन ने गोविंदा से भी बेहतर काम किया। उन्होंने भगवान गणेश से बेटे के जीवन की मुश्किलें दूर करने और उसे लगातार सफलता की राह पर आगे बढ़ाने की प्रार्थना की। गोविंदा ने अपनी बेटी टीना के भविष्य को लेकर भी गणपति बप्पा से प्रार्थना की। उन्होंने बेटी को अच्छा जीवनसाथी, खुशहाल घर और सुखी परिवार मिलने की कामना की। इस दौरान गोविंदा ने दोनों बच्चों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। हालांकि, इस फैमिली फोटो में सुनीता आहूजा दिखाई नहीं दीं।

सुनीता ने बच्चों के साथ घर लाए थे बप्पा

दरअसल, गोविंदा के अमेरिका में होने की वजह से इस बार गणपति उत्सव की शुरुआत सुनीता आहूजा ने बच्चों के साथ की थी। आमतौर पर गोविंदा या उनके बेटे यशवर्धन गणपति बप्पा को घर लेकर आते हैं, लेकिन इस बार सुनीता ने खुद यह जिम्मेदारी संभाली। सुनीता ने बताया था कि उन्होंने गाने और डांस के साथ बप्पा का स्वागत करने का फैसला किया। उनके मुताबिक, बीते एक साल में उन्हें गणपति बप्पा का काफी आशीर्वाद मिला और उनके काम को भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला। इसी वजह से वह इस बार खुद गणपति को घर लाना चाहती थीं।

सुनीता को था गोविंदा के लौटने का इंतजार

गोविंदा के गणपति उत्सव में शामिल न होने को लेकर सुनीता ने पहले ही बताया था कि अभिनेता अमेरिका में हैं और देर रात मुंबई लौटने वाले हैं। उन्होंने कहा था कि अगर सफर के बाद गोविंदा ज्यादा थके हुए रहे तो वह अगले दिन बप्पा के दर्शन करेंगे। हालांकि, गोविंदा ने देर रात मुंबई पहुंचने के बाद परिवार के साथ गणपति बप्पा के दर्शन किए।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH