देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है. 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल अब नहीं होगी. इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच रविवार रात हुई बातचीत के बाद हड़ताल वापस लेने पर सहमति बन गई. UFBU के सर्कुलर के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और बैंक यूनियनों के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई. बैठक में हड़ताल से जुड़े मुद्दों और कर्मचारियों की मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई. बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने का फैसला किया गया.
फाइव डे बैंकिंग को लेकर बनेगी हाई लेवल कमेटी
बैठक में बैंकिंग व्यवस्था में पांच दिन काम और दो दिन अवकाश की मांग को लेकर एक अहम फैसला हुआ. बचे हुए शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति बनाई जाएगी. यह समिति इस व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विचार करेगी. साथ ही ग्राहकों को होने वाली संभावित परेशानियों और बैंकिंग सेवाओं की जरूरत को भी ध्यान में रखते हुए समाधान तलाशेगी.
PLI स्कीम में बदलाव पर भी होगी चर्चा
बैंक अधिकारियों के लिए लागू Performance Linked Incentive यानी PLI योजना को लेकर भी बातचीत आगे बढ़ाने पर सहमति बनी है. खास तौर पर स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI से जुड़े प्रावधानों में यूनियनों की आपत्तियों पर चर्चा की जाएगी. बैठक में तय हुआ कि जरूरी संशोधनों पर विचार करने के बाद संबंधित प्रस्ताव सरकार के सामने रखा जा सकता है.
लंबित मांगों पर बातचीत जारी रहेगी
इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों को भी जल्द सुलझाने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी है. दोनों पक्ष इन मामलों पर आगे की वार्ता के जरिए समाधान निकालने की कोशिश करेंगे. इस संबंध में जारी सर्कुलर पर AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBOC और INBEF समेत विभिन्न बैंक कर्मचारी संगठनों के प्रमुख नेताओं के हस्ताक्षर हैं. यूनियनों की ओर से कहा गया है कि बैठक से जुड़े विस्तृत ब्योरे वाला सर्कुलर आगे जारी किया जाएगा.
5 दिन तक बैंक बंद रहने का था खतरा
बैंक यूनियनों ने पहले 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया था. इससे पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार की छुट्टी थी. ऐसे में लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी. इसी वजह से ग्राहकों की सुविधा को देखते हुए 27 सितंबर, रविवार को भी कई सरकारी बैंकों की शाखाएं खोलने का फैसला किया गया था, ताकि जरूरी बैंकिंग काम निपटाए जा सकें. अब हड़ताल वापस लिए जाने के बाद बैंक ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है और लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाएं बाधित होने की आशंका खत्म हो गई है.





