NationalTop News

ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर गिरिराज सिंह का हमला, बोले- हिंदू जातियों में बंट रहे और मुस्लिम हो रहे एकजुट

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच संभावित राजनीतिक गठबंधन की चर्चाओं ने सियासी हलचल तेज कर दी है. केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस मुद्दे पर दोनों नेताओं को निशाने पर लेते हुए हिंदुओं के जातिगत बंटवारे और मुस्लिमों के एकजुट होने का मुद्दा उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में हिंदू समाज को जातियों के आधार पर बांटकर उसका राजनीतिकरण किया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर मुस्लिमों का एकीकरण हो रहा है.

गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा. मणिपुर से कांग्रेस सांसद और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के पूर्व प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम को पार्टी की चुनावी समितियों में जिम्मेदारी दिए जाने पर उन्होंने सवाल उठाए. अकोइजम पर जेएनयू की कई छात्राओं ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट ने विश्वविद्यालय के बर्खास्तगी आदेश पर रोक लगा दी है.

ओवैसी और चंद्रशेखर की नजदीकी पर क्या बोले गिरिराज?

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के संभावित गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि देश में हिंदू समाज जातियों में बंटता जा रहा है. उन्होंने इसके लिए ऐतिहासिक और राजनीतिक परिस्थितियों को जिम्मेदार ठहराया. उनका आरोप था कि हिंदुओं की अलग-अलग जातियों का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि मुस्लिम समुदाय को एकजुट करने की कोशिशें हो रही हैं.

केंद्रीय मंत्री ने अपने बयान में कहा, “मैं यह मानता हूं कि देश के अंदर अंग्रेजों और मुगलों ने हिंदू सनातनियों को जातियों में बांटा. पहले कर्मणा था और नेहरू आकर हिंदुओं को जातियों में और मुसलमानों को मुसलमानों में बांटकर खड़ा कर दिया.”

उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा दौर में हर जाति का राजनीतिकरण हो रहा है. गिरिराज सिंह ने ईसाइयों के एकीकरण का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि हिंदुओं को जातियों में बांटने की राजनीति की जा रही है, जबकि मुस्लिमों के वोट भारत के राष्ट्रवाद के खिलाफ इस्तेमाल किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश की पहचान सनातन और हिंदू समाज से जुड़ी हुई है.

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

गिरिराज सिंह ने मणिपुर के कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजम को पार्टी की चुनावी समितियों में जिम्मेदारी दिए जाने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को महिलाओं से जुड़े आरोपों और छात्राओं की शिकायतों पर गंभीरता दिखानी चाहिए थी.

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर पर लगे आरोप क्यों दिखाई नहीं देते. गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे लोगों को राजनीतिक जिम्मेदारियां दे रही है, जिन पर गंभीर आरोप लगे हैं. उन्होंने अपने बयान में कथित देशविरोधी गतिविधियों से जुड़े लोगों का भी जिक्र किया.

11 छात्राओं ने लगाए हैं अकोइजम पर आरोप

दरअसल, कांग्रेस सांसद और जेएनयू के पूर्व प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ करीब 11 छात्राओं ने यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतें की थीं. शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जुलाई 2025 से मई 2026 के बीच कक्षाओं और वाइवा के दौरान अकोइजम ने अनुचित टिप्पणियां कीं. कुछ छात्राओं ने अवांछित शारीरिक संपर्क और निजी मुलाकातों के दौरान गलत व्यवहार किए जाने की शिकायत भी की है.

वहीं, अकोइजम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने इन्हें गलत और राजनीति से प्रेरित बताया है. इस मामले में शिकायतों और आरोपों की जांच की जा रही है.

जेएनयू से बर्खास्तगी के फैसले पर हाईकोर्ट की रोक

जेएनयू की आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय ने 9 अक्टूबर को अकोइजम को प्रोफेसर के पद से बर्खास्त कर दिया था. इसके बाद 11 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75 और 79 समेत अन्य संबंधित धाराएं लगाई गई हैं.

हालांकि, अकोइजम ने बर्खास्तगी के फैसले को अदालत में चुनौती दी. 2 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने जेएनयू के बर्खास्तगी आदेश पर रोक लगा दी. अदालत में गिरफ्तारी की जरूरत पड़ने की स्थिति में पुलिस की ओर से सात कार्यदिवस पहले लिखित नोटिस देने की बात भी सामने आई. फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष आना बाकी है.

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH