EntertainmentTop News

India’s Best Dancer 5 Winner: रायपुर के रितेश पाल ने जीता खिताब, प्रतीक उतेकर के साथ ट्रॉफी पर जमाया कब्जा

डांस रियलिटी शो इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5 को अपना विजेता मिल गया है। रायपुर के डांसर रितेश पाल ने अपने कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर के साथ मिलकर शो की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। ग्रैंड फिनाले में रितेश और प्रतीक की जोड़ी ने शानदार परफॉर्मेंस के दम पर बाजी मारी। इस सीजन में रितेश ने शुरुआत से ही अपनी डांसिंग स्किल्स से दर्शकों और जजों का ध्यान खींचा। अलग-अलग डांस फॉर्म्स में उनकी पकड़ और हर परफॉर्मेंस में कुछ नया करने की कोशिश उनकी पहचान बनी। पूरे सफर के दौरान उन्होंने तीन बार ‘बैटल ट्रॉफी’ भी अपने नाम की।

फिनाले में इन कंटेस्टेंट्स से हुआ मुकाबला

ग्रैंड फिनाले में रितेश पाल को दीपाली बोरकर, प्रथमेश माने, अंशिका धारा और गीतांजलि मारवाह जैसे मजबूत प्रतियोगियों से मुकाबला करना पड़ा। सभी फाइनलिस्ट ने अपनी बेहतरीन परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन किया, लेकिन आखिरकार रितेश और प्रतीक की जोड़ी विजेता बनकर सामने आई।  पिछले सीजन यानी इंडियाज बेस्ट डांसर 4 का खिताब स्टीव ज्यरवा ने जीता था। इस बार ट्रॉफी रायपुर के रितेश पाल के नाम रही।

‘इंडिया वाला डांस’ थी इस सीजन की थीम

इंडियाज बेस्ट डांसर 5 की थीम ‘इंडिया वाला डांस’ रखी गई थी। इस थीम के जरिए प्रतियोगियों को अलग-अलग डांस शैलियों के साथ प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। रितेश ने पूरे सीजन में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। उनकी परफॉर्मेंस में अलग-अलग डांस फॉर्म्स का इस्तेमाल देखने को मिला। प्रतीक उतेकर के साथ उनकी जोड़ी ने कई यादगार एक्ट पेश किए और धीरे-धीरे दोनों की बॉन्डिंग भी मजबूत होती गई।

ग्रैंड फिनाले में नजर आए कई बड़े सितारे

शो के ग्रैंड फिनाले को खास बनाने के लिए जजों के साथ कई फिल्मी सितारे भी पहुंचे। करिश्मा कपूर, जावेद जाफरी, गीता कपूर और टेरेंस लुईस ने पूरे सीजन में कंटेस्टेंट्स को जज और गाइड किया। फिनाले के जश्न में जैकी श्रॉफ, तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा भी स्पेशल गेस्ट के तौर पर नजर आए।

रितेश ने जीत को बताया सपने के सच होने जैसा

खिताब जीतने के बाद रितेश पाल ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि डांस उनके लिए हमेशा से जुनून रहा है और इस शो को जीतना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। रितेश ने शो के जजों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि ‘इंडिया वाला डांस’ ने उन्हें अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर खुद को एक बेहतर परफॉर्मर के रूप में विकसित करने का मौका दिया। उन्होंने अपने कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर को भी अपनी सफलता में अहम भूमिका निभाने का श्रेय दिया। रितेश के मुताबिक, प्रतीक ने उन पर भरोसा किया और उनके डांसिंग सफर को नई दिशा दी। उन्होंने अपने साथी प्रतियोगियों से मिले अनुभव और सीख को भी इस सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

रितेश के साथ जीत पर भावुक हुए प्रतीक उतेकर

रितेश के कोरियोग्राफर प्रतीक उतेकर भी इस जीत से बेहद खुश नजर आए। उन्होंने रितेश को अपना शिष्य बताते हुए कहा कि उसके साथ ट्रॉफी जीतना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा पल है। प्रतीक के मुताबिक, रितेश ने पूरे सफर में उनकी सोच और मार्गदर्शन पर भरोसा रखा। दोनों का बैकग्राउंड कंटेम्परेरी डांस से जुड़ा है, लेकिन ‘इंडिया वाला डांस’ के दौरान उन्हें अपने तय दायरे से बाहर निकलकर कई नए डांस फॉर्म्स पर काम करने का मौका मिला। प्रतीक ने कहा कि दोनों ने मिलकर हर चुनौती का सामना किया और रितेश के साथ ट्रॉफी उठाना इस पूरे सफर को उनके लिए और भी खास बना देता है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH