किसानों ने आज हरियाणा सरकार के खिलाफ हल्ला बोला, जाम किये नेशनल हाइवे
फतेहाबाद। किसानों ने अपने प्रदर्शन के जरिए आज राज्य सरकार के खिलाफ हल्लाबोला है। कई जिलों में किसानों ने नेशनल हाइवे को पूरी तरह जाम कर दिया है जिससे दोनों तरफ की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो चुकी है।किसान यूनियन ने आज प्रदेश में अलग अलग जगहों पर हाइवे जाम करने की चेतावनी दी है। जिसके लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। फतेहाबाद में किसानों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और विरोध करते हुए यहां के नेशनल हाइवे-9 को जाम कर दिया।
नारनौंद स्थित नारनौंद-जींद रोड पर भी किसान संगठनों ने जाम लगाया। इसी के साथ किसानों ने अंबाला में भी नेशनल हाइवे1 पर मोहड़ा पर जाम लगा दिया। भारतीय किसान यूनियन के अध्य्क्ष सरदार गुरनाम सिंह चढूंनी के नेतृत्व में किसानों ने अंबाला दिल्ली अमृतसर और अमृतसर दिल्ली नेशनल हाइवे नंबर1 को बंद करने के लिए सड़क के बीचों बीच ट्रालियां लगा दी हैं।
किसानों ने 3 घंटे तक हाइवे को जाम रखा। गुरनाम सिंह का कहना है कि ये केवल सांकेतिक हड़ताल है और अगर उनकी मांगें न मानी गईं तो आने वाले
समय में परिणाम और गंभीर होंगे।
ये है किसानों की मांग
किसान स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग और प्रदेश में कर्जमाफी की मांग कर रहे हैं। इसके साथ ही वो चाहते हैं कि किसानों की पेंशन शुरू की जाए। साथ ही मध्य प्रदेश में किसानों पर गोलीबारी करने वालों पर मुकद्दमा दर्ज कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाए।