Top NewsUttar Pradesh

कानपुर में शॉर्ट सर्किट से दो जगह भीषण आग, एक युवक की मौत, कई दुकानें और मकान राख

कानपुर में शनिवार सुबह दो अलग-अलग इलाकों में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। घाटमपुर के दीना मार्केट में शॉर्ट सर्किट के कारण तीन दुकानों में अचानक आग लग गई, जिसमें एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बजरिया इलाके में एक कार गैराज में लगी आग ने आसपास की दुकानों और घरों को अपनी चपेट में ले लिया।

घाटमपुर के दीना मार्केट में सुबह बाजार खुलते ही एक दुकान से धुआं उठता देखा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास की दो अन्य दुकानों तक फैल गई। बताया जा रहा है कि तीनों दुकानें एक ही परिवार के भाइयों की थीं, जिससे नुकसान और अधिक हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर मौजूद एक युवक बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की, जबकि पुलिस ने इलाके को घेरकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा।

वहीं, थाना बजरिया क्षेत्र के बड़ी ईदगाह के पास एक कार गैराज में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। गैराज में रखे इंजन ऑयल और हाइड्रोजन सिलेंडरों ने आग को और भड़का दिया, जिससे जोरदार धमाके हुए और पूरा इलाका दहल उठा। आग की लपटें करीब 30 मीटर तक उठने लगीं, जिससे पास के दो और गैराज और चार मकान भी इसकी चपेट में आ गए।

इस अग्निकांड में गैराज के अंदर खड़ी छह कारें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। साथ ही चार परिवारों का घर-गृहस्थी का सामान भी नष्ट हो गया, जिससे वे आर्थिक रूप से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। हालांकि, इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की सूचना पर क्षेत्र के पूर्व सपा विधायक इरफान सोलंकी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि इस मामले को लेकर जिलाधिकारी से मिलकर पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे की मांग की जाएगी।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH