NationalTop News

AAP विधायक हरमीत सिंह ढिल्लों पुलिस हिरासत से फरार

पंजाब की राजनीति से जुड़ा एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी (AAP) के सनौर से विधायक हरमीत सिंह ढिल्लों बलात्कार और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत से फरार हो गए हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें थाने ले जाया जा रहा था, तभी वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।

पुलिस पर हमला और गोलीबारी

सूत्रों के अनुसार, फरार होते समय ढिल्लों और उनके साथियों ने पुलिस पर गोलीबारी की और एक पुलिसकर्मी को गाड़ी से कुचल दिया। इस घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है। विधायक और उनके साथी एक स्कार्पियो और एक फॉर्च्यूनर कार में फरार हुए। पुलिस ने फॉर्च्यूनर को जब्त कर लिया है, लेकिन विधायक स्कार्पियो से फरार होने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस टीमें उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

वकील का बयान

विधायक हरमीत सिंह ढिल्लों के वकील, एडवोकेट सिमरनजीत सिंह सग्गू ने गिरफ्तारी और लगाए गए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया है। उनका कहना है “हरमीत सिंह के खिलाफ एक FIR दर्ज की गई है। पहले यह मामला हाई कोर्ट में पेंडिंग था, जिसे निपटाया जा चुका है। जांच के लिए डीआईजी रोपड़ रेंज को नियुक्त किया गया था। मौजूदा FIR हाल की राजनीतिक परिस्थितियों का परिणाम है, जो कानून और तथ्यों के खिलाफ है। शिकायतकर्ता पहले खुद स्वीकार कर चुकी है कि वह हरमीत सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। ऐसे में यह मामला सत्ता और नौकरशाही के बीच की रस्साकशी का हिस्सा लगता है।

गंभीर सवालों के घेरे में सिस्टम

विधायक पर धारा 376 (बलात्कार) और धारा 420 (धोखाधड़ी) सहित कई धाराओं में मामला दर्ज है। हालांकि, बचाव पक्ष का कहना है कि यह FIR राजनीतिक दबाव में दर्ज की गई है और इसका मकसद ढिल्लों को फंसाना है।फिलहाल, पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती फरार विधायक को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है। घटना ने न सिर्फ पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि राज्य की सियासत को भी हिला कर रख दिया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH