Uttar Pradesh

केंद्र की ओर से राज्यों के लिए जारी हुई कर हस्तांतरण की अतिरिक्त किस्त, यूपी को मिली सबसे ज्यादा धनराशि

लखनऊ। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को राज्यों को अतिरिक्त कर के रूप में 72,961.21 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी राज्यों को दी जाने वाली धनराशि की सूची में उत्तर प्रदेश के खाते में सर्वाधिक रकम आएगी। प्रदेश को अतिरिक्त कर के रूप में 13088.51 करोड़ रुपये मिलेंगे। वहीं दूसरे नंबर पर बिहार को 7,338 करोड़ रुपये और तीसरे नंबर पर पश्चिम बंगाल को 5488.88 करोड़ रुपये मिलेंगे। धनराशि मिलने के बाद योगी सरकार की ओर से चल रहे सामाजिक कल्याण और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के कार्यों को बल मिलेगा।

वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि राज्यों को ये रकम आगामी त्योहारों और नए साल के मद्देनजर सामाजिक कल्याण के कार्यों तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के लिए जरूरी रकम जुटाने के लिए जारी की गई है।

बता दें कि नियमानुसार, राज्यों के केंद्रीय पूल से मिलने वाले टैक्स का हस्तांतरण 14 किस्तों में होता है। 11 किस्तें 11 महीने में हर महीने जारी की जाती है, जबकि, 3 किस्त मार्च महीने में जारी की जाती है। केंद्र की तरफ से जारी यह रकम राज्यों को मिलने वाले रेगुलर टैक्स के अतिरिक्त है। मंत्रालय ने कहा कि अतिरिक्त किस्त 10 जनवरी, 2024 को राज्यों को देय कर हस्तांतरण और इस साल 11 दिसंबर को जारी किस्त के अतिरिक्त है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH