NationalTop News

ओमान हमले में जान गंवाने वाले हिमाचल के युवा नाविक आदित्य शर्मा को आज अंतिम विदाई, गांव में शोक की लहर

ओमान तट के पास हुए हमले में जान गंवाने वाले हमीरपुर जिले के भालू गांव निवासी 23 वर्षीय मर्चेंट नेवी डेक कैडेट आदित्य शर्मा के पार्थिव शरीर का गुरुवार को डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हमीरपुर में पोस्टमार्टम किया गया। दो डॉक्टरों की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम पूरा किया, जिसके दौरान परिजन भी मौजूद रहे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आदित्य के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव भालू पहुंचाया गया, जहां आज पूरे राजकीय सम्मान और श्रद्धा के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। आदित्य शर्मा के निधन से हमीरपुर सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के गांव पहुंचने की संभावना है। परिजन, मित्र और क्षेत्रवासी नम आंखों से अपने युवा सपूत को अंतिम विदाई देंगे।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे का पार्थिव शरीर देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पिता का दर्द भी छलक पड़ा। उन्होंने भावुक होकर कहा कि उन्होंने अपने इकलौते बेटे की बारात निकलते देखने के सपने संजोए थे, लेकिन अब उन्हें उसकी अंतिम विदाई का दर्दनाक सच देखना पड़ रहा है। गौरतलब है कि ओमान के तट के पास समुद्र में एक ऑयल टैंकर पर हुए हमले में आदित्य शर्मा समेत तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी। आदित्य जहाज पर डेक कैडेट के रूप में कार्यरत थे और अपने परिवार की उम्मीदों का प्रमुख सहारा थे।

जानकारी के अनुसार, हमले के समय जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे। घटना के बाद चलाए गए बचाव अभियान में 21 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि तीन भारतीय नाविक लापता हो गए थे। बाद में लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद आदित्य शर्मा की मौत की पुष्टि हुई, जिससे परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों के अनुसार, आदित्य बेहद मिलनसार, मेहनती और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित युवा थे। उन्होंने कम उम्र में ही मर्चेंट नेवी में अपनी अलग पहचान बनाई थी और उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रहे थे। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बड़सर के विधायक ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि क्षेत्र ने एक प्रतिभाशाली और होनहार युवा को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH