NationalTop News

तकनीकी खराबी के चलते एयर इंडिया की फ्लाइट AI-887 की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

एयर इंडिया के एक और विमान को तकनीकी खराबी के चलते इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी है। दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना हुई एयर इंडिया की फ्लाइट AI-887, जो बोइंग 777-300ER विमान थी, उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद वापस दिल्ली लौट आई। विमान ने सुबह 7:47 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इस फ्लाइट में कुल 337 यात्री और क्रू मेंबर्स सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। एयर इंडिया की ओर से बताया गया कि लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि सोमवार 22 दिसंबर को टेकऑफ के कुछ समय बाद विमान में तकनीकी समस्या सामने आई। मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए पायलट ने विमान को वापस दिल्ली लाने का फैसला किया। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच जारी है।
एयर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि सभी यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही, उन्हें मुंबई पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था भी की गई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH