Top NewsUttar Pradesh

पुतला दहन की आग में झुलसीं BJP विधायक अनुपमा जायसवाल का हाल जानने पहुंचे अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को अचानक मेदांता अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल लिया। मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने हाथ जोड़कर नमस्कार किया, जिस पर अनुपमा जायसवाल मुस्कराईं। उन्होंने डॉक्टरों से भी विधायक के इलाज के बारे में जानकारी ली। लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने भी अस्पताल पहुंचकर विधायक का हाल जाना।

अखिलेश यादव ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “उनका जो फर्ज है, वो अहल-ए-सियासत जानें, मेरा पैगाम मोहब्बत है, जहां तक पहुंचे।” उन्होंने कहा कि वे समाज में नफरत नहीं, बल्कि सौहार्द और सकारात्मक राजनीति को बढ़ावा देना चाहते हैं। इसी भावना से वे अनुपमा जायसवाल से मिलने पहुंचे और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

गौरतलब है कि 25 अप्रैल को बहराइच में एक प्रदर्शन के दौरान अनुपमा जायसवाल झुलस गई थीं। भाजपा कार्यकर्ता नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे और पुतला दहन के दौरान आग की लपटें अचानक उनके चेहरे तक पहुंच गईं। इस घटना में उनका चेहरा और बाल झुलस गए थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाई और उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मेदांता रेफर किया गया।

इस बीच सपा मीडिया सेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि अलग-अलग विचारधाराओं के बावजूद अखिलेश यादव ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व को अपनी विधायक से मिलने जाना चाहिए था। अनुपमा जायसवाल उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के पहले कार्यकाल में बेसिक शिक्षा और महिला एवं बाल विकास मंत्री भी रह चुकी हैं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH