Top NewsUttar Pradesh

‘चुनाव खत्म होते ही संकट याद आ गया’: पीएम मोदी की अपील पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- BJP अपनी नाकामी स्वीकार करे

लखनऊ। ईरान युद्ध संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सोना कम खरीदने और तेल की खपत घटाने की अपील पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को संकट याद आ गया और अब जनता पर पाबंदियां थोपने की कोशिश की जा रही है।

सपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि देश के लिए सबसे बड़ा संकट BJP खुद है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि अगर इतनी पाबंदियां लगानी पड़ रही हैं तो फिर ‘पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था’ का दावा कैसे पूरा होगा।

‘सरकार के हाथ से लगाम छूट चुकी है’

अखिलेश यादव ने कहा कि डॉलर लगातार मजबूत हो रहा है जबकि भारतीय रुपया कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आर्थिक मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। सपा प्रमुख ने कहा, “अगर BJP सरकार देश नहीं चला पा रही है तो उसे अपनी नाकामी स्वीकार करनी चाहिए, देश को बर्बाद नहीं करना चाहिए।”

‘सोना न खरीदने की सलाह जनता को क्यों?’

सोना खरीदने को लेकर की गई अपील पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आम जनता तो पहले ही महंगाई की वजह से सोना खरीदने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP नेताओं और उनके करीबी लोग काली कमाई को सोने में बदलने का काम कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा कि सरकार को ऐसी अपील जनता से नहीं बल्कि अपने लोगों से करनी चाहिए।

‘चुनाव में चार्टर प्लेन से घूम रहे थे BJP नेता’

सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि अगर हालात इतने गंभीर हैं तो चुनाव के दौरान BJP नेताओं ने हजारों चार्टर फ्लाइट यात्राएं क्यों कीं। उन्होंने कहा कि क्या तब ईंधन की बचत याद नहीं आई थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार इतनी चिंता में थी तो चुनाव प्रचार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी किया जा सकता था।

‘सरकार डर और अफरातफरी फैला रही’

अखिलेश यादव ने कहा कि इस तरह की अपीलों से बाजार में डर, घबराहट और मंदी का माहौल पैदा हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का काम संकट से निपटना होता है, न कि जनता में भय फैलाना। उन्होंने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि पारंपरिक गुटनिरपेक्ष नीति से हटने का नुकसान देश को भुगतना पड़ रहा है।

‘विदेश नीति और गृह नीति दोनों में फेल’

सपा प्रमुख ने कहा कि किसान, मजदूर, युवा, नौकरीपेशा और कारोबारी सभी महंगाई और आर्थिक दबाव की मार झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP सरकार विदेश नीति और गृह नीति दोनों मोर्चों पर विफल रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही सरकार की असलियत सामने आ गई है और अब जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता अब BJP से जवाब मांग रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH