बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। फतेहपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे सो रहे एक परिवार पर चढ़ गया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
यह हादसा फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर झांसा गांव के पास रात करीब दो बजे हुआ। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण परिवार घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर परिवार के ऊपर चढ़ गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, डंपर पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराया और फिर नियंत्रण खो बैठा। हादसे में 35 वर्षीय नीरज और उनके 13 साल के बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय अंशिका, 6 वर्षीय आशू और पत्नी आरती को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बाद में गंभीर रूप से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, नीरज किराये पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। भीषण गर्मी के चलते परिवार खुले में सो रहा था, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं और घायलों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने को कहा है।




