उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर गांव में 18 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके पिता और दो भाइयों ने गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान क्रांति के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक युवती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और दोनों शादी करना चाहते थे। परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर पिता और भाइयों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
फोन पर बातचीत सुनने के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि 24 मई को पिता ने बेटी को उसके बॉयफ्रेंड से फोन पर बात करते हुए सुन लिया था। इसके बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पिता ने पहले बेटी का मोबाइल फोन छीन लिया और उसकी पिटाई की। परिवार की इज्जत और मर्यादा का हवाला देकर युवती पर दबाव बनाया गया। इसके बाद मंगलवार रात को पिता और दोनों भाइयों ने कथित तौर पर युवती की गला दबाकर हत्या कर दी।
बीमारी से मौत की फैलाई गई अफवाह
हत्या के बाद परिवार ने मामले को छिपाने की कोशिश की। गांव में यह बात फैलाई गई कि लड़की की बीमारी के कारण मौत हुई है। इतना ही नहीं, बिना किसी को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी गई थी। इसी दौरान किसी ग्रामीण ने पुलिस को मामले की जानकारी दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पूरा मामला खुल गया।
पिता और दोनों बेटे गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पिता महेंद्र और उसके दोनों बेटों अमन और आकाश को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीनों को कोर्ट में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




