लखनऊ- अपनी मधुर आवाज से हर किसी का दिल जीतने वाली बॉलीवुड की मशहूर गायिका अलका याग्निक हर साल 20 मार्च को अपना जन्मदिन मनाती हैं। बीते कई सालों से लोगों का मनोरंजन करने वालीं अलका याग्निक ने बॉलीवुड के एक से बढ़कर एक गानों को अपनी आवाज दी है। 20 मार्च 1966 को कोलकाता में जन्मीं अलका की आवाज के आज दुनिया भर में दीवाने हैं। मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वालीं अलका ने अपनी मां शुभा याग्निक से शास्त्रीय संगीत सीखा और छोटी सी उम्र में ही गाना शुरू कर दिया था।



अलका याग्निक और उनके पति की लव स्टोरी बेहद दिलचस्प है। दोनों की पहली मुलाकात रेलवे स्टेशन पर हुई थी, जिसके बाद दोनों में दोस्ती हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। अलका ने साल 1988 में अपने माता- पिता से शादी के बारे में बात की। नीरज और अलका के रिश्ते से उनके परिवार वालों को किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं थी। लेकिन सभी की चिंता का सिर्फ एक ही विषय था और वह था अलका याग्निक का करियर।





