NationalTop News

BJP पर बरसे भगवंत मान : बोले – पंजाब के हक की कभी नहीं की बात, अब जनता देगी जवाब

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को रोकने की जिम्मेदारी अब पंजाब पर है और राज्य किसी के दबाव में आने वाला नहीं है। उन्होंने साफ कहा, “पंजाब कोई ट्रक नहीं है कि जिसका नंबर आएगा। यह हमारी पहचान और आत्मसम्मान का सवाल है।”

मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम मान ने कहा कि जब भी देश पर संकट आया है, पंजाब हमेशा मजबूती से खड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी यह कह रही है कि अगला नंबर पंजाब का है, लेकिन यह उनकी गलतफहमी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी पंजाब में बीजेपी के सिर्फ दो विधायक हैं और अगली बार यह संख्या शून्य भी हो सकती है।

सीएम मान ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने कभी भी पंजाब के हकों की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार को कमजोर करने के लिए ‘ऑपरेशन लोटस’ जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी अन्य दलों के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर उनके खिलाफ चल रहे मामलों को खत्म कर देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में इस तरह की राजनीति नहीं चलेगी और यहां कानून सबके लिए बराबर रहेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग प्यार से सब कुछ सहन कर सकते हैं, लेकिन अगर कोई दबाव या अकड़ दिखाएगा तो उसका जवाब पांच गुना ताकत से दिया जाएगा।

सीएम मान ने यह भी बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति को अवगत कराया है कि आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसदों ने कथित तौर पर असंवैधानिक तरीके से बीजेपी जॉइन की है। उन्होंने कहा कि किसी दल का विलय तभी संवैधानिक माना जाता है जब दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पारित हो, लेकिन कुछ सांसदों द्वारा ऐसा कदम उठाना संविधान की भावना के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर 95 विधायकों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन राष्ट्रपति को सौंपा गया है और उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH