RegionalTop News

भगवंत मान का कांग्रेस पर तंज: ‘सिद्धू की किसी से नहीं बनती, कांग्रेस पहले CM तय कर रही, सीटें बाद में’

होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर जिले के मुकेरियां में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को लेकर तीखा हमला बोला। अपने चुटीले अंदाज में उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता एक-दूसरे से ही तालमेल नहीं बैठा पा रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने की होड़ में उलझे हुए हैं। भगवंत मान ने कहा, “राजा वडिंग की चरणजीत सिंह चन्नी से नहीं बनती, चन्नी की प्रताप सिंह बाजवा से नहीं बनती, बाजवा की रंधावा से नहीं बनती, रंधावा की वडिंग से नहीं बनती, वडिंग की नवजोत सिंह सिद्धू से नहीं बनती और सिद्धू की किसी से नहीं बनती।”

‘इतनी सीटें ही मिलें कि CM बनने की नौबत न आए’

मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की आपसी लड़ाई खत्म करवाना अब जरूरी हो गया है और शायद उन्हें ही बीच में आना पड़े। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “कांग्रेस को इतनी ही सीटें मिलें कि मुख्यमंत्री बनने की नौबत ही न आए, न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी।”

‘सीटें जीतने से पहले CM की कुर्सी की लड़ाई’

भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस के नेता ऐसा व्यवहार कर रहे हैं, मानो राज्यपाल ने पहले ही मुख्यमंत्री पद की शपथ का समय तय कर दिया हो और अब केवल यह तय होना बाकी हो कि मुख्यमंत्री कौन बनेगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में सरकार बनाने के लिए 59 विधानसभा सीटों की जरूरत होती है, लेकिन कांग्रेस पहले चुनाव जीतने की बजाय मुख्यमंत्री पद के दावेदार तय करने में लगी हुई है।

राहुल गांधी की बस यात्रा पर भी साधा निशाना

कांग्रेस की प्रस्तावित बस यात्रा पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी सभी नेताओं को बस में तो एक साथ बैठा देंगे, लेकिन उतरते समय शायद कोई साथ न हो। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “किसी की पगड़ी हाथ में होगी, किसी का माथा फूटा होगा, किसी की नाक टूटी होगी। इसलिए बस में दो-चार ऐसे लोगों को भी बैठा देना चाहिए जो उनकी लड़ाई छुड़ा सकें।”

कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता जनता की सेवा के लिए नहीं, बल्कि सत्ता हासिल करने और लूट के लिए आपस में संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आती है तो राज्य में आम लोगों को मिल रही सभी मुफ्त योजनाएं बंद कर दी जाएंगी। मान ने कहा कि कांग्रेस के कई नेता सार्वजनिक रूप से यह कह चुके हैं कि सरकार बनने पर वे मुफ्त सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को समाप्त कर देंगे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH