RegionalTop News

हेमंत सोरेन के विदेशी दौरों पर BJP का हमला, निवेश दावों पर मांगा श्वेत पत्र

भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विदेशी दौरों और उनसे जुड़े निवेश दावों को लेकर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। पार्टी ने सरकार से इन दौरों और निवेश समझौतों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है।

विदेशी दौरों के दावों पर BJP ने उठाए सवाल

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने रांची स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की स्वीडन, स्पेन, दावोस और ब्रिटेन यात्राओं को बड़े निवेश और रोजगार के अवसरों से जोड़कर प्रचारित किया गया था, लेकिन अब तक उसका कोई ठोस असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विदेशी दौरों के बाद हजारों करोड़ रुपये के निवेश और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के दावे किए थे, लेकिन राज्य में न तो बड़े उद्योग स्थापित हुए और न ही युवाओं को अपेक्षित रोजगार मिला।

कई परियोजनाओं पर प्रगति नहीं

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि स्पेन की फाइरा डी बार्सिलोना कंपनी के साथ रांची में कन्वेंशन सेंटर बनाने की घोषणा की गई थी, लेकिन परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। इसके अलावा बैटरी स्टोरेज प्लांट, इलेक्ट्रिक बस और ट्रक निर्माण इकाइयों तथा खेल प्रशिक्षण से जुड़े कई प्रस्ताव भी अब तक अधर में लटके हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दावोस दौरे के दौरान टाटा स्टील समेत कई बड़ी कंपनियों के निवेश प्रस्तावों का व्यापक प्रचार किया गया था। साथ ही टेक महिंद्रा, हिताची, इंफोसिस, वेलस्पन और लुलु समूह जैसी कंपनियों के साथ संभावित निवेश समझौतों का भी उल्लेख किया गया था, लेकिन अधिकांश परियोजनाओं पर अब तक कोई ठोस काम शुरू नहीं हुआ।

 BJP ने मांगा विस्तृत श्वेत पत्र

भाजपा का कहना है कि यदि निवेश प्रस्ताव वास्तव में धरातल पर उतरते, तो राज्य में औद्योगिक गतिविधियां बढ़तीं और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलते। पार्टी ने सरकार से मुख्यमंत्री के विदेशी दौरों पर हुए खर्च, निवेश समझौतों और उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तृत श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। इस प्रेस वार्ता में भाजपा के सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाइक भी मौजूद रहे।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH