NationalTop News

बैरकपुर से पीएम मोदी की हुंकार : ‘4 मई के बाद बीजेपी का शपथ ग्रहण तय’, TMC पर साधा निशाना

बैरकपुर| पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार खत्म होने से पहले सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। नॉर्थ 24 परगना के बैरकपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि 4 मई के नतीजों के बाद उन्हें बीजेपी के शपथ ग्रहण समारोह में जरूर आना पड़ेगा। रैली में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर पीएम मोदी ने कहा, “इतनी गर्मी में भी जिस तरह का जनसमर्थन मिल रहा है, उससे साफ है कि बंगाल में परिवर्तन तय है।” उन्होंने इसे चुनाव में अपनी आखिरी रैली बताते हुए कहा कि जनता का उत्साह उनके विश्वास को और मजबूत कर रहा है।

पीएम मोदी ने भावुक अंदाज में कहा, “जब से मैंने अपना घर छोड़ा है, मुझे देश के लोगों के बीच रहकर ही सुकून मिलता है। आप ही मेरा परिवार हैं।” उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता के रूप में जो भी जिम्मेदारी मिली, उसे उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाया। प्रधानमंत्री ने अयोध्या में हुए रामलला प्राण प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुए कहा कि इस चुनाव में उन्हें वैसी ही आध्यात्मिक अनुभूति हुई है। उन्होंने कहा कि बंगाल के प्रति उनका लगाव ही इसकी वजह है। पीएम मोदी ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि भारत की समृद्धि में अंग (बिहार), बंग (बंगाल) और कलिंग (ओडिशा) की अहम भूमिका रही है। “आज जब देश विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है, तो इन तीनों क्षेत्रों का मजबूत होना बेहद जरूरी है,” उन्होंने कहा।

प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में ‘जंगलराज’ का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ मिलें बंद हो रही हैं, तो दूसरी तरफ बम फैक्ट्रियां फल-फूल रही हैं। उन्होंने कहा, “TMC के पास बंगाल के भविष्य का कोई रोडमैप नहीं है। सिंडिकेट राज ने राज्य को पीछे धकेल दिया है। अब समय आ गया है कि TMC को हराया जाए और यहां जनता का राज स्थापित किया जाए।”

पीएम मोदी ने ‘वंदे मातरम्’ का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के समय यह गुलामी से मुक्ति का मंत्र था, और अब 21वीं सदी में इसे बंगाल के नव-निर्माण का मंत्र बनाना होगा। दूसरे चरण के प्रचार के आखिरी दिन हुई इस रैली ने बंगाल की राजनीति में नई गर्माहट ला दी है। अब सबकी नजर 4 मई को आने वाले चुनावी नतीजों पर टिकी है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH