NationalTop News

ओडिशा में भाजपा नेता और वरिष्ठ वकील पीताबास पांडा की गोली मारकर हत्या, ब्रह्मपुर में तनाव

ओडिशा के ब्रह्मपुर शहर में सोमवार रात एक सनसनीखेज घटना में भाजपा नेता और वरिष्ठ वकील पीताबास पांडा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात ब्रह्मनगर इलाके में उनके घर के सामने हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल फैल गया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे दो बाइक सवार बदमाश पीताबास पांडा के घर के पास पहुंचे। जैसे ही वे घर से बाहर निकले, हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं और मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत ब्रह्मपुर के MKCG मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कौन थे पीताबास पांडा

पीताबास पांडा ओडिशा के एक प्रतिष्ठित वकील और राज्य बार काउंसिल के सदस्य थे। कुछ साल पहले उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। वे समाज और राजनीति में सक्रिय रहते थे और ब्रह्मपुर शहर व गंजाम जिले में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ मुखर आवाज उठाते रहे थे। उनकी नृशंस हत्या से कानूनी और राजनीतिक दोनों ही हलकों में शोक और आक्रोश का माहौल है। वकीलों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

‘कानून के शासन पर हमला’

अखिल ओडिशा वकील संघ के अध्यक्ष अधिवक्ता ज्ञान रंजन मोहंती ने इस घटना को “सिर्फ एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि न्याय प्रणाली और कानून के शासन पर सीधा हमला” बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री, गृह सचिव, डीजीपी, डीआईजी (दक्षिणी रेंज) और गंजम एसपी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की जांच और कार्रवाई

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों को पकड़ने के लिए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH