पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू होने जा रही है। कोलकाता में दोपहर 2 बजे बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बतौर पर्यवेक्षक शामिल होंगे। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। बैठक में बीजेपी विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। इसके बाद पार्टी नेता राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। बीजेपी ने शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की है। जानकारी के मुताबिक, 9 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहेंगे। इसके अलावा 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की भी संभावना है।
तमिलनाडु में भी सरकार गठन पर नजर
उधर, तमिलनाडु में भी सरकार गठन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके (TVK) ने सरकार बनाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। पार्टी नेताओं ने CPI और CPM नेताओं से मुलाकात की है। माना जा रहा है कि शुक्रवार को लेफ्ट पार्टियां विजय को समर्थन देने का ऐलान कर सकती हैं। वर्तमान स्थिति में विजय के पास अपनी पार्टी और कांग्रेस को मिलाकर 112 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है। बहुमत के लिए उन्हें 6 और विधायकों की जरूरत है। CPI और CPM के पास कुल चार विधायक हैं।
VCK के समर्थन पर बना सस्पेंस
वहीं, VCK के समर्थन को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। पार्टी नेता एसएस बालाजी ने कहा कि TVK को समर्थन देने पर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी तभी समर्थन पर विचार करेगी, जब TVK यह भरोसा दिलाए कि वह बीजेपी या RSS के दबाव में काम नहीं करेगी। एसएस बालाजी ने यह भी कहा कि राज्यपाल को TVK प्रमुख विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करना चाहिए।




