NationalTop News

बंगाल में भाजपा की बड़ी बढ़त, केशव मौर्य का विपक्ष पर हमला, बोले —‘ममता का कुशासन पराजित’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने मजबूत बढ़त बना ली है। दोपहर करीब 2 बजे तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार, भाजपा 190 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 100 से कम सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। पार्टी ने 200 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा भी किया है। इस बीच नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि अंतिम नतीजे अभी दिख रहे आंकड़ों से भी बेहतर होंगे।

इन रुझानों के बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच पर लिखा कि जनता अब अखिलेश यादव को सुनने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बिहार के नेता तेजस्वी यादव का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तंज कसा। मौर्य ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सत्ता के सपने देखना छोड़ देना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विपक्ष के लिए लंबा इंतजार तय है।

मौर्य ने पश्चिम बंगाल के रुझानों को “ऐतिहासिक जीत” बताते हुए कहा कि ममता बनर्जी का कुशासन पराजित हुआ है और भाजपा का सुशासन विजयी हुआ है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विश्वास की जीत है। ईवीएम पर उठ रहे सवालों पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हारने पर मशीन पर सवाल उठते हैं और जीतने पर वही मशीन सही मानी जाती है। इससे पहले भी केशव प्रसाद मौर्य ने मतगणना से पहले एक पोस्ट में कहा था कि देश में राष्ट्रवाद के नारे गूंजेंगे और जनता विकास, सुरक्षा और आत्मगौरव के साथ खड़ी है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH