चंडीगढ़ः किसी की जिंदगी बचाना इंसानियत की सबसे बड़ी मिसाल है। जान बचाने वाला किसी ‘देवता’ से कम नहीं होता है। बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद वाकई लोगों के लिए एक ‘देवता’ स्वरूप हैं। एक्टर ने ना सिर्फ कई इंसानों की जिंदगियों को संवारा है, बल्कि कईयों को नई जिंदगी देने में मदद भी की है। अनजान लोगों की मदद के लिए सबसे आगे रहने वाले बॉलीवुड स्टार सोनू सूद ने अब एक बार फिर एक जिंदगी को बचाकर मिसाल कायम की है।

अभिनेता सोनू सूद की दरियादिली एक बार फिर सबके सामने आई। हाल ही सूद ने पंजाब के मोगा जिले में कोटकपुरा बाईपास के पास सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की जान बचाई। सोनू खुद घायल व्यक्ति को गोद में उठाकर अपनी गाड़ी से अस्पताल ले गए। गौरतलब है कि सोनू सूद की बहन मालविका सूद पंजाब के मोगा से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रही हैं। सोनू अपनी बहन का चुनाव प्रचार में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं और लोगों से बहन को वोट करने की अपील कर रहे हैं।






