EntertainmentNationalTop News

मुंबई में बम धमाकों की धमकी से हड़कंप, बॉम्बे हाईकोर्ट से अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ तक निशाने पर

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में शुक्रवार, 6 नवंबर को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के कई प्रमुख ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे ईमेल में सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों के साथ बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ का भी जिक्र किया गया। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।

धमकी भरे ईमेल के बाद सुरक्षा अलर्ट

जिन स्थानों को धमकी दी गई है, उनमें बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, महालक्ष्मी रेसकोर्स और अमिताभ बच्चन का आवास ‘जलसा’ शामिल हैं। ईमेल मिलने के बाद संबंधित ठिकानों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा ईमेल किसने भेजा और इसके पीछे किसकी भूमिका है। फिलहाल ईमेल की सत्यता और धमकी से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

पहले भी अभिनेताओं को मिल चुकी हैं धमकियां

मुंबई में बम की धमकी का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब फिल्मी सितारों को धमकी और रंगदारी मांगने की घटनाएं भी चर्चा में हैं। कुछ दिन पहले अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की खबर सामने आई थी। इससे पहले अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी धमकी दिए जाने और उनसे करीब एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की रिपोर्ट सामने आई थी। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बीच मुंबई में सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू पर नजर रख रही हैं। हालांकि, बम की धमकी वाले ईमेल और अभिनेताओं को मिली कथित धमकियों के बीच किसी संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH