Jobs & CareerTop News

यूपी में 2085 पदों पर बंपर भर्ती, 25 अप्रैल से शुरू होंगे आवेदन

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश सहकारी संस्था सेवा बोर्ड ने वर्ष 2026 के लिए 2085 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत बैंकिंग, तकनीकी और गैर-बैंकिंग सेवाओं में कई अहम पद भरे जाएंगे।

इन पदों में प्रबंधक, जूनियर मैनेजर, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, सहायक, कैशियर और स्टेनोग्राफर शामिल हैं। योग्य स्नातक और डिप्लोमा धारक उम्मीदवार इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 अप्रैल 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 15 मई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

योग्यता की बात करें तो प्रबंधक और जूनियर मैनेजर पदों के लिए बी.कॉम या अर्थशास्त्र/गणित में कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक और कंप्यूटर में ‘O’ लेवल सर्टिफिकेट जरूरी है। वहीं सहायक और कैशियर पदों के लिए किसी भी विषय में 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक और CCC सर्टिफिकेट अनिवार्य रखा गया है।

तकनीकी पदों जैसे सहायक अभियंता और जूनियर इंजीनियर के लिए सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा जरूरी है, जबकि स्टेनोग्राफर पद के लिए शॉर्टहैंड और टाइपिंग स्पीड का मानक तय किया गया है। आयु सीमा 21 से 40 वर्ष के बीच रखी गई है। हालांकि, आरक्षित वर्गों और दिव्यांग अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी।

वेतनमान भी आकर्षक है। सहायक अभियंता (लेवल-10) के लिए 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक सैलरी निर्धारित है, जबकि सहायक और कैशियर पदों के लिए 25,620 रुपये से 64,670 रुपये तक वेतन मिलेगा। आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 500 रुपये, एससी/एसटी के लिए 250 रुपये और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए निशुल्क रखा गया है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “Recruitment 2026” लिंक पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉगिन आईडी से फॉर्म भरकर फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। अंत में शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि भविष्य के लिए आवेदन पत्र का प्रिंटआउट जरूर सुरक्षित रखें।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH