NationalTop News

पश्चिम बंगाल में आज कैबिनेट विस्तार, 35 मंत्री लेंगे शपथ,नए चेहरों को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सरकार का पहला बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार आज होने जा रहा है। सरकार गठन के करीब 22 दिन बाद आयोजित इस विस्तार में 35 नए मंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11 बजे लोकभवन में आयोजित होगा, जहां राज्यपाल आर.एन. रवि नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

कैबिनेट विस्तार को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार मंत्रिमंडल में कई नए और युवा चेहरों को शामिल किया जा सकता है। साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को भी महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। सरकार का मानना है कि मंत्रिपरिषद के इस विस्तार से प्रशासनिक ढांचे को मजबूती मिलेगी और विभिन्न विभागों में जिम्मेदारियों का बेहतर बंटवारा सुनिश्चित होगा। इससे सरकार के कामकाज में गति आने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैबिनेट विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि जनता के जनादेश से बनी राष्ट्रवादी सरकार की पूर्ण मंत्रिपरिषद का गठन सोमवार को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 35 मंत्री शपथ ग्रहण कर सरकार का हिस्सा बनेंगे। हालांकि अभी तक मंत्रियों के विभागों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा तेज है कि किन नेताओं को अहम मंत्रालय सौंपे जाएंगे। ऐसे में शपथ ग्रहण के साथ-साथ विभागों के आवंटन पर भी सभी की नजरें टिकी रहेंगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH