City NewsUttar Pradesh

यूपी के देवरिया में कार और ट्रक के आमने-सामने से टक्कर, पांच की मौत

देवरिया। उप्र के देवरिया जनपद के भाटपाररानी थाना क्षेत्र के फुलवरिया चौराहे पर आज सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में एक ही परिवार की चार महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोग जुट गए और ट्रक चालक को पकड़ लिया। मरने वाले रुद्रपुर और देवरिया सदर के निवासी हैं। वह पूजा-अर्चन के लिए बिहार के मैरवा जा रहे थे।

रुद्रपुर भर टोली निवासी अधिवक्ता आनंद प्रकाश मिश्र, उनके भाई चंद्र प्रकाश मिश्र के परिवार के साथ सोमवार को करीब सात बजे घर से मैरवा बिहार के लिए निकले थे। सभी को रिश्तेदार के एक लड़के के उपनयन संस्कार में शामिल होने के लिए बाबा हरेराम ब्रह्म स्थान जाना था।

परिवार भाटपाररानी के फुलवरिया चौराहे के पास पहुंचे थे कि कार का अगला पहिया फट हो गया, इससे कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रक से भिड़ गई। कार में सवार विमला देवी (50) पत्नी श्रीप्रकाश, त्रिशूला (40) पत्नी आनंद प्रकाश, गीता (45) पत्नी चंद्र प्रकाश, सिद्धी ढाई साल पुत्री कृष्ण कुमार , रिपुदमन (3) पुत्र कृष्ण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

जबकि देवेश (30) पुत्र चंद्रप्रकाश, अंजना (30) पत्नी कृष्ण कुमार तिवारी निवासी परसिया अहीर घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए पीएचसी पहुंचाया गया, फिर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी होते ही भर टोली वार्ड में शोक की लहर दौड़ पड़ी। परिजनों की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH