झारखंड। झारखंड के देवघर एयरपोर्ट की सुरक्षा में चूक के मामले में गोंडा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी सहित 9 लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एयरपोर्ट के DSP सुमन आनन की शिकायत पर इन सभी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दरअसल 31 अगस्त को लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ,उनके बेटे कनिष्क कांत दुबे, माहिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी सहित कुछ नेताओं ने देवघर एयरपोर्ट के ATC में जबरन प्रवेश करने का प्रयास किया था। इन नेताओं पर अपने प्रभाव का इस्तेमाल करते हुए जबरन ATC क्लीयरेंस लेने का आरोप लगा है।
इसके अलावा देवघर एयरपोर्ट के निर्देशक संदीप ढींगरा के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। एयरपोर्ट के सुरक्षा प्रभारी ने दर्ज कराई गई शिकायत में कहा कि 31 अगस्त को शाम 5:25 बजे निशिकांत दुबे समेत अन्य यात्री देवघर एयरपोर्ट पहुंचे। वे सब प्लेन के अंदर चले गए और प्लेन का गेट बंद कर दिया गया। कुछ देर बाद प्लेन का गेट खोलकर पायलट नीचे उतरा और एटीसी की तरफ जाने लगा। एटीसी कंट्रोल रूम में पायलट ने टेक ऑफ की इजाजत देने के लिए दबाव डाला। कुछ देर बाद दोनों सांसद और अन्य यात्री भी एटीसी कंट्रोल रूम में पहुंच गए। उन्होंने दबाव डाला और एटीसी का क्लियरेंस मिल गया।
आपको बता दें कि 31 अगस्त को भाजपा का एक दल झारखंड के दुमका में पीड़ित अंकिता से मिलने के लिए पंहुचा था। इस दल में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के साथ दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी और कपिल मिश्रा समेत 9 लोग थे। एफआईआर दर्ज होने के बाद सांसद ने कहा कि झारखंड सरकार नहीं चाहती है कि देवघर एयरपोर्ट सुचारू रूप से चले। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मालिक और देवघर एयरपोर्ट के डायरेक्टर के खिलाफ भी FIR दर्ज कर दी।




